शीतलहर ने ली 60 जानें, लेह में तापमान शून्य से 18 डिग्री नीचे (राउंडअप)
उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में कोहरे की वजह से कई रेलगाड़ियों में घंटों की देरी होने से मंगलवार को हजारों यात्री सर्दी के इस मौसम में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर फंसे रहे।
झारखण्ड में शीतलहर की चपेट में आकर 27 लोगों की मौत हो गई है और राज्य में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। इसके चलते राज्य सरकार को विद्यालयों के समय में फेरबदल करना पड़ा है।
पारा लुढ़कने और कोहरा छाने से रेल व बस यातायात सेवाएं प्रभावित हुई हैं जबकि दफ्तरों में कर्मचारियों की उपस्थिति में भी कमी आई है।
राज्य में क्रिसमस की छुट्टियों के बाद विद्यालय सोमवार को ही खुले थे। जिला प्रशासन द्वारा मंगलवार से विद्यालयों में परिवर्तित समय सारणी लागू कर दी गई।
उत्तर प्रदेश में शीतलहर से कम से कम 21 लोगों की मौत हुई। इस तरह इस मौसम में ठंड से मरने वालों की तादाद 51 हो गई। राज्य में फतेहपुर जिला सबसे ठंडा रहा, जहां का तापमान 5.6 डिग्री दर्ज किया गया।
लखनऊ स्थित आपदा प्रबंधन विभाग ने आईएएनएस को बताया कि सोमवार को इन ताजा मौतों में सबसे ज्यादा चार-चार मौतें बाराबंकी और बलरामपुर जिलों में हुईं। शाहजहांपुर, बलिया, बहराइच, वाराणसी और जौनपुर जिलों में भी सर्दी से लोगों की जानें गईं।
सर्दी के कारण राज्य में कक्षा आठ तक के सभी विद्यालयों को नौ जनवरी तक बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
बिहार में शीतलहर की चपेट में आने से 10 लोगों की मौत हो गई। इस तरह मरने वालों की संख्या 21 हो गई। सर्दी की वजह से स्कूलों को गुरुवार तक बंद रखने का आदेश दिया गया है।
चंडीगढ़ और उसके आसपास के राज्यों पंजाब तथा हरियाणा में मंगलवार को शीतलहर की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई।
मंगलवार को पंजाब के अमृतसर में सबसे अधिक सर्दी रिकार्ड की गई। वहां न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, लुधियाना और पटियाला शहर का तापमान क्रमश: 7.8 और 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा। चण्डीगढ़ का न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली में कड़ाके की सर्दी मंगलवार को भी जारी रही। बहरहाल मंगलवार सुबह कोहरे से कुछ राहत अवश्य मिली।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री ऊपर है लेकिन सोमवार को अधिकतम तापमान गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस रह गया। पिछले पांच वर्षो में यह सबसे कम अधिकतम तापमान था।
मंगलवार तड़के दृश्यता करीब 800 मीटर थी। हवाई अड्डा अधिकारियों के अनुसार इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों की आवाजाही निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हुई।
नई दिल्ली में उत्तर रेलवे के प्रवक्ता अनंत स्वरूप ने बताया कि घने कोहरे के चलते दिल्ली की ओर आने वाली कम से कम 25 रेलगाड़ियां विलंब से चल रही हैं।
उन्होंने कहा, "हमने खराब मौसम के चलते छह रेलगाड़ियों को रद्द किया है और तीन रेलगाड़ियों के समय में बदलाव किया है।"
भोपाल शताब्दी, काशी विश्वनाथ और नीलांचल एक्सप्रेस का समय बदला गया है।
वैष्णो देवी में मौसम का पहला हिमपात :
जम्मू एवं कश्मीर स्थित पवित्र वैष्णो देवी गुफा और उसके आसपास सोमवार की रात इस मौसम का पहला हिमपात हुआ। मौसम विभाग के अनुसार गुफा और उसके आसपास की पहाड़ियों पर करीब पांच सेंटीमीटर बर्फबारी हुई।
जम्मू क्षेत्र के बाकी हिस्सों में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और बनिहाल में तापमान शून्य से 4-5 डिग्री सेल्सियस नीचे है जबकि मैदानी इलाकों का तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहा। पूरे क्षेत्र में घना कोहरा छाया है जिसकी वजह से तड़के की उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।
लद्दाख में शीत लहर का प्रकोप जारी :
जम्मू एवं कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र में मंगलवार के दिन भी शीत लहर का प्रकोप जारी रहा। लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 18 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
स्थानीय मौसम विज्ञान कार्यालय की निदेशक सोनम लोटस ने बताया, "लेह में सोमवार को अधिकतम तापमान शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था, वहीं मंगलवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 18 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
करगिल शहर में सोमवार को अधिकतम तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था जबकि न्यूनतम तापमान शून्य से 16.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"
उन्होंने कहा, "अगले चार-पांच दिनों में घाटी और लद्दाख क्षेत्र में सूखे मौसम के साथ रात के समय आकाश साफ रहने का अनुमान है और इस वजह से रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है।"
राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में मंगलवार को न्यूनतम तापमान बढ़ने से मौसम में सुधार हुआ है। लोटस ने कहा, "श्रीनगर में मंगलवार का न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस बढ़ गया है जबकि सोमवार को यहां का अधिकतम तापमान 5.6 डिग्री था।"
रविवार को बर्फबारी के बाद से बंद श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को यातायात शुरू हो गया है।
तीसरे दिन भी बंद रहा शिमला एयरपोर्ट :
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में लगातार तीसरे दिन मंगलवार को भी हवाई अड्डा बंद रहा। कोहरे के कारण रविवार को दिल्ली और शिमला के बीच हवाई संपर्क अवरुद्ध हो गया था।
शिमला हवाई अड्डे के नियंत्रक अनिल गोस्वामी ने बताया, "शिमला हवाई अड्डे पर लगातर तीसरे दिन मंगलवार को भी दिल्ली से कोई उड़ान नहीं पहुंची न ही यहां से दिल्ली के लिए कोई उड़ान भरी गई।"
यद्यपि दिल्ली से राज्य के दो अन्य गंतव्यों कुल्लू और धर्मशाला के लिए मंगलवार को फिर से उड़ानें शुरू हो गईं।
कुल्लू के समीप भुंतर में हवाई अड्डे के नियंत्रक के. एम. मेहरा ने बताया कि दिल्ली-कुल्लू उड़ान मंगलवार सुबह 8 बजे यहां पहुंची और 8.30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications