छात्रा से सामूहिक बलात्कार मामले में फंसा डॉक्टर बर्खास्त (लीड-1)
बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय में एम. फिल की छात्रा रानी (काल्पनिक नाम) से हुए सामूहिक बलात्कार के मामले में भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल के डॉक्टर रघुराज पांडे, प्रदीप मोरे और आनंद मिश्रा को सोमवार को गिरफ्तार किया गया था। भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल के प्रबंधन ने डा.पांडे को बर्खास्त कर दिया है।
हॉस्पिटल के डायरेक्टर के.के. मोदार ने आईएएनएस को बताया है कि उनकी सामान्य सभा (जनरल बॉडी) के साफ निर्देश है कि अगर किसी कर्मचारी पर थाने में मामला दर्ज होता है और पुलिस पूछताछ होती है तो उसे बर्खास्त किया जाए। इसीलिए डॉ पांडे को बर्खास्त कर दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बैतूल की रहने वाली रानी भोपाल में एक छात्रावास में रहती है। अपनी ससुराल में कुछ विवाद होने की वजह से वह तांत्रिक आनंद मिश्रा के चक्कर में पड़ गई। रविवार को प्रदीप ने रानी को तंत्र विद्या के लिए बुलाया। जब वह भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल में पहुंची तो उसे डा. रघुराज और आनंद मिले।
रानी का आरोप है कि इन तीनों ने उसे शराब पिलाई और उसके साथ सामूहिक दुष्कृत्य किया। रानी छात्रावास से रविवार की सुबह बगैर बताए निकली थी। उसने सोमवार की दोपहर एसएमएस के जरिए वार्डन को अपने मुसीबत में होने की सूचना दी और बताया कि वह संगम टॉकीज में है। एसएमएस के आधार पर वार्डन ने पुलिस को स्थिति से अवगत कराया। संगम टाकीज पहुंची पुलिस ने आनंद के साथ रानी को बरामद किया।
मिसरौद क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) घनश्याम मालवीय ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया है कि पुलिस ने तीनों आरोपियों पर बलात्कार का मामला दर्ज कर गिरतार कर लिया है। पुलिस पीड़ित लड़की और आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications