प्रधानमंत्री ने जर्मन पुरस्कार पाने वाले भारतीय वैज्ञानिक को बधाई दी
नई दिल्ली, 5 जनवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने प्रमुख वैज्ञानिक सी.एन.आर. राव को अगस्त विल्हेम-वॉन-हॉफमैन मेडल से सम्मानित किए जाने पर मंगलवार को उन्हें बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सम्मान भारतीय वैज्ञानिक समुदाय के लिए गर्व की बात है। राव को यह सम्मान रसायन शास्त्र के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए प्रदान किया गया है।
मनमोहन सिंह ने अपने बधाई संदेश में कहा है, "भारतीय वैज्ञानिक समुदाय के लिए यह एक बड़े गर्व की बात है कि हमारे एक अति सम्मानित वैज्ञानिक को इस प्रतिष्ठित पदक से नवाजा गया है।"
सिंह ने कहा है, "यह उचित सम्मान न केवल रसायन शास्त्र के क्षेत्र में आपकी अग्रणी वैज्ञानिक उपलब्धियों के लिए प्राप्त हुआ है, बल्कि भारत में विज्ञान के विकास के लिए आपने जो मौलिक प्रयास किए हैं, यह सम्मान उसके लिए भी है।"
राव, प्रधानमंत्री की वैज्ञानिक सलाहकार परिषद के अध्यक्ष हैं। उन्होंने ठोस और संरचनात्मक रसायन शास्त्र के क्षेत्र में खासतौर से काम किया है।
यह पुरस्कार उन्हें जर्मन केमिकल सोसाइटी की ओर से प्रदान किया गया है। रसायन शास्त्र के क्षेत्र में यह सर्वोच्च अंतर्राष्ट्रीय पदक है। यह पदक दो से तीन वर्षो के दौरान किसी एक वैज्ञानिक को प्रदान किया जाता है। पहली बार यह पुरस्कार किसी भारतीय वैज्ञानिक को प्रदान किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications