ओबामा के रात्रिभोज के तीसरे बिनबुलाए मेहमान भी पहचान हुई (लीड-2)
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 5 जनवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के सम्मान में अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा द्वारा दिए गए रात्रिभोज में शामिल हुए तीसरे बिन बुलाए मेहमान की भी पहचान हो गई है। समाचार पत्र 'वाशिंगटन पोस्ट' के अनुसार यह व्यक्ति वाशिंगटन में पार्टियों का आयोजक है।
तारिक और मिशेल सलाही के अलावा एक अन्य व्यक्ति के भी बिन बुलाए व्हाइट हाउस के रात्रिभोज में शरीक होने की सोमवार को सीकेट्र सर्विस ने पुष्टि की। परंतु अधिकारियों ने घटना का ब्योरा नहीं दिया।
अमेरिकी कांग्रेस के एक अज्ञात स्रोत ने अखबार को बताया कि बिन बुलाए व्हाइट हाउस में घुसने वाला यह व्यक्ति कार्लोस एलेन है जो वाशिंगटन डीसी में पार्टियों का आयोजन करता है।
अखबार के स्रोत ने एलेन का नाम सीक्रेट सर्विस की जांच के संबंध में आधिकारिक ई-मेल में देखा। सोमवार को कई बार ई-मेल भेजने और फोन संदेशों का एलेन (39 वर्ष) ने कोई जवाब नहीं दिया।
अखबार के अनुसार पिछले महीने एलेन ने एक ब्लॉगर से संक्षिप्त चर्चा में राजकीय भोज में शामिल होने की बात कही थी लेकिन उसने रात्रिभोज की किसी भी घटना के बारे में जानकारी नहीं दी।
अपने कारोबार को बढ़ावा देने के लिए एलेन भी तारिक और मिशेल सलाही की तरह प्रसिद्ध हस्तियों के साथ अपने फोटो प्रकाशित करता है।
एलेन के एक परिचित के हवाले से अखबार ने कहा कि रात्रिभोज के कुछ घंटों बाद ही वहां के फोटो एलेन ने फेसबुक पर डाले थे लेकिन सलाही दंपति का मामला उजागर होने के बाद उनको हटा लिया गया।
व्हाइट हाउस ने इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की लेकिन एक अज्ञात अधिकारी ने कहा कि व्हाइट हाउस तीसरे व्यक्ति के अवांछित प्रवेश की घटना से अवगत है।
एलेन भारतीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ रात्रिभोज में प्रवेश करने में सफल रहा।
सूत्रों के अनुसार एलेन भारतीय दूतावास से विलार्ड होटल पहुंचा जहां मनमोहन सिंह और उनका प्रतिनिधिमंडल ठहरा था। परंतु भारतीय दूतावास के एक प्रवक्ता ने कहा कि बिन बुलाया मेहमान भारतीय प्रतिनिधमंडल का हिस्सा नहीं था और दूतावास ने उसके पहुंचने का प्रबंध नहीं किया था।
अखबार के अनुसार दूतावास के प्रवक्ता ने इस सवाल का जवाब देने से इंकार कर दिया कि एलेन भारतीय व्यापार प्रमुखों को व्हाइट हाउस ले जाने वाली वैन में कैसे सवार हो गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications