पंजाब के सीमावर्ती जिले में पाकिस्तानी तस्कर ढेर
अमृतसर, 5 जनवरी (आईएएनएस)। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने पंजाब के सीमावर्ती इलाके में मंगलवार तड़के घुस आए एक पाकिस्तानी तस्कर को मार गिराया। उसके अन्य तीन साथी अंधेरे का लाभ उठा कर पाकिस्तान भागने में सफल हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि भीकीविंड कस्बे के पास राजा ताल इलाके में मुठभेड़ के बाद तस्कर के पास से 27 करोड़ रुपये से अधिक कीमत का वर्जित सामान बरामद किया गया।
बीएसएफ की पंजाब सीमा के उप महानिरीक्षक जागीर सिंह ने बताया, "हमने मारे गए तस्कर के बैग से 5.5 किलोग्राम हेरोइन, एक पिस्तौल और 20 लाख रुपये कीमत की जाली भारतीय मुद्रा बरामद की है।"
सिंह ने आईएएनएस को बताया, "एक पाकिस्तानी तस्कर घने कुहरे का लाभ उठाते हुए मंगलवार तड़के भारतीय सीमा में घुस आया। कई बार चेतावनी देने के बाद भी जब उसने कोई प्रतिक्रिया जाहिर नहीं की तो हमें गोलीबारी शुरू करनी पड़ी। बाद में तलाशी अभियान के दौरान हमें झाड़ियों से उसका शव बरामद हुआ।"
बीएसएफ के सूत्रों ने बताया कि इस पाकिस्तानी तस्कर के साथ उसके तीन साथी भी थे, जो अंधेरे का लाभ उठा कर वापस पाकिस्तान भागने में सफल रहे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications