भारती एयरटेल को बांग्लादेश में प्रवेश की अनुमति
ढाका, 5 जनवरी (आईएएनएस)। बांग्लादेश की टेलीकॉम नियामक संस्था ने देश की चौथी सबसे बड़ी कंपनी वारिद के 70 प्रतिशत शेयर खरीदने के लिए भारतीय टेलीफोन कंपनी भारती एयरटेल के 30 करोड़ डॉलर के आरंभिक निवेश प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
बांग्लादेश दूरसंचार विनियामक आयोग (बीटीआरसी) के अध्यक्ष जिया अहमद ने समाचार पत्र 'द डेली स्टार' को बताया, "हमने वारिद के शेयर खरीदने की भारती एयरटेल की योजना को स्वीकृति दे दी है।"
भारती के बहुत कम कीमत पर निर्मित नए शेयरों के माध्यम से वारिद में 70 प्रतिशत की हिस्सेदारी हासिल करने की संभावना है।
हाल में ढाका का दौरा करने वाले भारती एयरटेल समूह के अध्यक्ष सुनील भारती मित्तल से हुई बात का संकेत देते हुए अहमद ने कहा, "हमें उम्मीद है कि एयरटेल का निवेश अगले कुछ वर्षो में एक अरब डॉलर को पार कर जाएगा।"
अहमद ने कहा कि एयरटेल जो भी कीमत वारिद को दे, सौदे का 5.5 प्रतिशत बीटीआरसी को मिलेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications