आस्ट्रेलिया में तनाव में हैं भारतीय छात्र
मेलबर्न, 5 जनवरी (आईएएनएस)। इस आस्ट्रेलियाई शहर में भारतीय छात्र नितिन गर्ग की सनसनीखेज हत्या से आस्ट्रेलियाई प्रशासन पर भारतीय छात्रों का विश्वास डगमगा गया है। इस हत्याकांड से भारतीय छात्रों में असुरक्षा की भावना घर कर गई है।
एक छात्र संगठन के मुताबिक भारतीय छात्र घोर मनोवैज्ञानिक तनाव में हैं। 21 वर्षीय गर्ग को उस वक्त बेरहमी से मार डाला गया जब वह शनिवार को इस शहर के उपनगर वेस्ट फूट्सक्रे में अपने काम पर जा रहे थे। खून से लथपथ गर्ग किसी तरह लड़खड़ाते पांव पास के हंगरी जैक्स रेस्तरां पहुंचे और उन्होंने बेहोश होने से पहले पुलिस मदद की गुहार लगाई थी।
इस हादसे ने भारत-आस्ट्रेलिया कूटनीतिक रिश्ते में भी तनाव घोल दिया है। फेडरेशन ऑफ इंडियन स्टूडेंट्स इन आस्ट्रेलिया(फिसा) के एक बयान में कहा गया है कि भारतीय छात्र गहरे अवसाद और तनाव की चपेट में हैं। उन्हें ऐसी अनहोनी होने का डर सता रहा है।
'द एज' अखबार ने संगठन के प्रमुख अमित मेंघानी को यह कहते हुए उद्धृत किया है कि छात्र अब न घर में सुरक्षित महसूस कर रहे हैं और न ही अपने शिक्षण संस्थान व कार्य स्थल पर। उन्होंने कहा कि इन छात्रों के माता-पिता भी आतंक के साये में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications