ज्योतिषियों की राय पर तय वक्त से पहले शपथ लेंगे सोरेन
झामुमो के अनुसार पूर्व में घोषित समय के अनुसार सोरेन बुधवार दोपहर दो बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले थे लेकिन अब वह सुबह 10.30 बजे शपथ लेंगे।
सोरेन राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू)के समर्थन से सरकार बनाने जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार सोमवार को सोरेन ने राज्यपाल के.शंकरनारायणन से शपथ ग्रहण समारोह के समय में फेरबदल के लिए अनुरोध किया था। राज्यपाल ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया।
झामुमो के एक नेता ने आईएएनएस से कहा, "ज्योतिषियों ने सोरेन को सलाह दी थी कि वह दो बजे के स्थान पर सुबह 10.30 बजे पद की शपथ लें।"
सोरेन रांची स्थित मोराबादी मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। समारोह के लिए वहां एक विशाल मंच तैयार किया गया है।
उल्लेखनीय है कि सोरेन ने गत शनिवार को राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया था। उन्होंने 45 विधायकों के समर्थन की सूची राज्यपाल को सौंपी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications