अलकायदा का दावा विश्वसनीय, मुतल्लब के यमन में रहने की पुष्टि (लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार क्रिसमस के दिन एक अमेरिकी यात्री विमान में विस्फोट का प्रयास करने वाला नाइजीरियाई युवक दिसम्बर के आरंभ में यमन छोड़ने से पहले कई महीनों तक वहां रहा था। यमन ने सोमवार को इस बात की पुष्टि की।
आतंकवादी गतिविधियों पर नजर रखने वाली कंपनी इंटेलसेंटर ने कहा कि 'अरब प्रायद्वीप में अलकायदा' (एक्यूएपी) ने एक वेबसाइट पर जारी एक बयान में कहा कि डेल्टा/नार्थवेस्ट एयरलाइंस की उड़ान संख्या 253 में डेट्रॉयट के ऊपर विस्फोट के प्रयास में उसका हाथ था।
विमान में 278 यात्री थे। बयान के अनुसार तकनीकी गड़बड़ी के कारण विस्फोट नहीं हुआ। परंतु आतंकवादी संगठन ने ऐसे अत्याधुनिक विस्फोटक तैयार करने का दावा किया जिसका परीक्षण हवाई अड्डों पर विस्फोटकों का पता लगाने वाले उपकरणों के खिलाफ किया गया है।
आतंकवादी संगठन ने और हमलों की चेतावनी दी। बयान में कहा गया है, "हम फिर हमला करेंगे, इसका तुम्हें पहले कोई पता नहीं चलेगा। तुम लोगों को मरना होगा। हमारा प्रतिशोध निकट है।"
एक्यूएपी ने विस्फोट का प्रयास करने वाले संदिग्ध आतंकवादी उमर फारुक अब्दुल मुतल्लब का एक फोटो भी जारी किया।
यमन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि उमर फारुक अब्दुल मुतल्लब अरबी के अध्ययन के लिए अगस्त से ही देश में था। उसने राजधानी सना में अध्ययन के लिए वीजा हासिल किया।
अब्दुल मुतल्लब ने अमेरिकी अधिकारियों को बताया कि उसने यमन में अलकायदा से प्रशिक्षण लिया और डेल्टा/नार्थवेस्ट एयरलाइंस के विमान के डेट्रॉयट में उतरने से पहले विस्फोट का प्रयास किया। उसने विस्फोटक भी यमन से हासिल करने का दावा किया।
मंत्रालय ने कहा कि यमन के अधिकारी अब अब्दुल मुतल्लब के यमनी संपर्को का पता लगाने में जुटे हैं और जो भी सूचना हासिल होगी उसे अमेरिकी सरकार को उपलब्ध कराया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications