राठौर के खिलाफ शिकायत दर्ज, उच्च न्यायालय में जनहित याचिका (लीड-1)
रुचिका के पिता एस.सी.गिरहोत्रा की ओर से आनंद प्रकाश ने अपने वकील के साथ पंचकुला के पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत दर्ज करवाई, जिसमें उन्होंने राठौर और अन्य पुलिस अधिकारियों के खिलाफ आशु (रुचिका के भाई) पर वर्ष 1990 में झूठे मामले चलाने के आरोप में प्राथिमिकी दर्ज करवाने की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक महेश चौधरी ने कहा कि उन्हें गिरहोत्रा की ओर से शिकायत मिली है और जांच के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी ओर चण्डीगढ़ प्रशासन ने सेक्रेड हार्ट स्कूल के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। इसी स्कूल ने बिना किसी कारण के वर्ष 1990 में रुचिका को स्कूल से निकाल दिया था।
चण्डीगढ़ के गृह सचिव रामनिवास ने कहा कि रुचिका को विद्यालय से निकाले जाने के फैसले में विद्यालय प्रबंधन की भूमिका की जांच की जाएगी। रामनिवास शिक्षा सचिव भी है।
रामनिवास ने मंगलवार को आईएएनएस से कहा, "मुझे कल मधु प्रकाश का फैक्स संदेश मिला था। वह इस मामले की जांच की मांग कर रही थी। मैंने उप मंडलीय दंडाधिकारी को मामले की जांच करने का आदेश दिया है और कहा कि वह सात दिनों के अंदर रिपोर्ट पेश करे।"
उधर, पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय में वरिष्ठ वकील और मानवाधिकारकार्यकर्ता रंजन लखनपाल ने राठौर के खिलाफ जनहित याचिका दायर की। उन्होंने राठौर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 305 के तहत एक नाबालिग को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करने की अपील की है। रंजन की याचिका पर सुनवाई छह जनवरी को होगी।
मंगलवार को पंचकुला में रुचिका गिरहोत्रा की 16वीं बरसी पर उनकी याद में लोगों ने शांति मार्च निकाला। मार्च की शुरुआत रुचिका मामले में पीड़ित पक्ष के लिए लड़ रहे आनंद प्रकाश के घर से हुई और इसका समापन उस घर पर हुआ जहां रुचिका ने जहर खा लिया था।
मार्च का नेतृत्व आनंद प्रकाश की बेटी और रुचिका की दोस्त आराधना ने किया। मार्च में शामिल सभी लोग राठौर को अधिक से अधिक सजा दिए जाने की मांग कर रहे थे।
गौरतलब है कि 12 अगस्त 1990 को राठौर ने 14 वर्षीया रुचिका के साथ दुर्व्यवहार किया था और इसके तीन साल बाद रुचिका ने आत्महत्या कर ली थी।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत ने पिछले दिनों रुचिका मामले में राठौर को छह महीने की सजा सुनाई थी लेकिन अदालत ने 10 मिनट के भीतर ही उसे जमानत पर रिहा कर दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications