कोलंबिया के जरिए वेनेजुएला पर हमले की तैयारी में अमेरिका : चावेज
कराकस, 29 दिसम्बर (आईएएनएस)। वेनेजुएला के राष्ट्रपति ह्यूगो चावेज ने कहा है कि अमेरिका कोलंबिया का इस्तेमाल करके उनके देश पर हमले की तैयारी कर रहा है।
समाचार एजेंसी ईएफई के अनुसार चावेज ने सोमवार को एक सैन्य समारोह में कहा कि 'वाक् युद्ध' कई दिनों पहले उस समय आरंभ हो गया था जब कोलंबियाई सरकार के प्रवक्ता ने वेनेजुएला पर अपने क्षेत्र में छापामार शिविर संचालित करने और विद्रोहियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया था।
चावेज ने कहा, "कोलंबिया की ओर से यह इतनी बार दोहराया जाता है कि लोगों को इस पर भरोसा होने लगा है। इस पर ये लोग क्या कहेंगे जब वेनेजुएला के लोगों को कोलंबिया में मार दिया जाता है।"
उन्होंने कहा कि अमेरिकी की ओर से इस हमले की तैयारी के बारे में उनके पास 'साक्ष्य' है। चावेज ने कहा कि वेनेजुएला पर इस आरोप को पूरी दुनिया में फैलाया जाएगा क्योंकि अमेरिका 'दुनिया को मूर्ख' बनाने की योग्यता रखता है।
चावेज ने कहा कि अमेरिकी खुफिया और चालक रहित विमान कोलंबिया में उड़ान भरते हुए वेनेजुएला की सीमा में घुस जाते हैं। यह हमले की तैयारी का हिस्सा है।
वेनेजुएला के राष्ट्रपति ने कहा, "उम्मीद है कि कोलंबियाई सरकार को समझ में आएगा परंतु असली बात यह है कि इस सरकार के नुमाइंदे वाशिंगटन के हाथों में हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications