अलकायदा के हमले की कोशिश से विमान सेवा उद्योग को झटका
अमेरिका में 9/11 के आतंकवादी हमले और फिर उसके बाद बढ़ी ईंधन की कीमतों और वैश्विक मंदी के बाद उड्डयन उद्योग अपने वित्तीय स्वास्थ्य में सुधार की उम्मीद कर रहा था लेकिन क्रिसमस के दिन अलकायदा की असफल कोशिश ने पूरे उद्योग जगत को हिला दिया है।
भारतीय मूल के एक विमानन व्यवसायी का मानना है कि आतंकवादी खतरों को देखते हुए कारपोरेट जगत के लोग अब बार-बार यात्रा करने की बजाए वीडियो-कांफ्रेंसिंग में अधिक भरोसा करेंगे।
इस साल उड्डयन उद्योग को 11 अरब डॉलर का नुकसान होने का अनुमान है।
एक अनुमान के मुताबिक नौ साल पहले हुए अलकायदा के आतंकवादी हमले के बाद से अब तक वैश्विक उड्डयन उद्योग को 50 अरब डॉलर का नुकसान हो चुका है।
कई उत्तर अमेरिकी विमान सेवा प्रदाता कंपनियों इस उद्योग से बाहर हो गई हैं जबकि कुछ ने खुद को अन्य विमान सेवाओं में मिला दिया है। विमान निर्माता कंपनियां बोइंग, एयरबस और बॉमबार्डियर को मिले सभी बड़े ठेके निरस्त कर दिए गए हैं।
यद्यपि, हाल के महीनों में मंदी से उबरते हुए उत्तर अमेरिकी विमान सेवाएं अच्छा काम कर रही थीं।
उत्तर अमेरिका में भारतीय मूल के एक उड्डयन व्यापारी ने कहा कि अब हाल ही में हुए हमले के इस प्रयास के बाद इन महीनों में उद्योग को हुआ फायदा बेकार हो गया है।
उन्होंने कहा कि इतने खतरों और सुरक्षा जांच में बहुत अधिक समय लगने की स्थिति में व्यापारी और कारपोरेट जगत के लोग हवाई यात्रा करने से परहेज करेंगे।
व्यापार जगत की यात्रा से उड्डयन उद्योग को राजस्व का एक बड़ा हिस्सा प्राप्त होता है और इनकी यात्रा में कमी से राजस्व पर इसका असर पड़ सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications