तिवारी ने खबर को झूठा बताया, विपक्ष ने मांगा इस्तीफा (लीड-1)
दरअसल, एक तेलुगू समाचार चैनल ने 85 वर्षीय तिवारी को तीन युवा लड़कियों के साथ आप्त्तिजनक स्थिति में दिखाया है। इसके बाद मामले ने इतना तूल पकड़ा कि महिलाओं के एक समूह ने राजभवन पर तिवारी के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। पुलिस ने एक दर्जन प्रदर्शकारी महिला कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार भी किया है।
इस बीच, राजभवन से जारी एक बयान में कहा गया कि उन्हें बदनाम करने के लिए किए गए इस प्रयास से वह दुखी हैं।
बयान में कहा गया कि समाचार चैनल द्वारा संबंधित कथित खबर दिखाए जाने के बाद उच्च न्यायालय में दायर एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने इसके प्रसारण पर रोक लगा दी।
इस बयान के मुताबिक, "सभी मीडिया और समाचार संस्थाओं को अवगत करा दिया गया है कि वे इस खबर को महत्व न दें क्योंकि यह मनगढंत, झूठ और दुर्भावनापूर्ण है और राज्यपाल की छवि बिगाड़ने की कोशिश है। इस खबर में तनिक भी सच्चाई नहीं है।"
बयान में कहा गया, "यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि संवैधानिक पद पर बैठे किसी व्यक्ति को अनावश्यक विवादों में लपेटा गया। उनकी उम्र का भी ख्याल नहीं किया गया जो कि हमारी संस्कृति और परम्परा का हिस्सा है।"
इससे पहले, नायडू ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि तिवारी को इस्तीफा देना चाहिए या फिर केंद्र सरकार को राजभवन की प्रतिष्ठा को बचाने के लिए उन्हें बर्खास्त कर देना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने इस मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की। मामले में कुछ सांसदों के शामिल होने का आरोप है।
राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता नायडू ने कहा, "टेलीविजन पर इस दृश्य को देखकर हर कोई शर्मिदा है। यह एक बड़ा सेक्स स्कैंडल है और यह सार्वजनिक जीवन में गिर रहे मूल्यों को दिखाता है।"
उन्होंने कहा कि राजभवन जैसे जगह लोकतंत्र के मंदिर होते हैं और यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसी चीजें वहां घटित हो रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications