महंगाई पर विपक्ष ने सरकार को घेरा

लोकसभा में नियम 193 के तहत महंगाई के विषय पर चर्चा की शुरुआत करते हुए जनता दल (युनाइटेड) के राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह ने कहा, "कांग्रेस और महंगाई दोनों एक दूसरे के पर्यायवाची बन गए हैं। देश में कांग्रेस की सरकार आती है और महंगाई बढ़ने लगती है।"
महंगाई पर सरकार चिंतित नहीं
उन्होंने कहा, "महंगाई बढ़ रही है लेकिन सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं है। महंगाई कम हो, यह उसकी मंशा ही नहीं है। इस सरकार की नियत ही खराब है। सरकार कहती है कि देश में खाद्यान्न की कमी नहीं है और मांग और आपूर्ति के बीच का अंतर भी कोई खास नहीं है फिर यह महंगाई क्यों है। सरकार को तत्काल महंगाई रोकने के लिए कदम उठाने चाहिए।"
भाजपा के मुरली मनोहर जोशी ने अपने लंबे भाषण के दौरान सरकार पर कृषि क्षेत्र की अवहेलना किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "सरकार की मूल्य नीति जनविरोधी है। सरकार गरीबों के एवज में अमेरिका की सेवा कर रही है। कृषि मंत्री जी, उठिए और सरकार से कहिए कि आपकी नीतियां गलत हैं।"
क्यों बदहाल हैं किसान: मुलायम सिंह
सपा के मुलायम सिंह यादव ने कहा कि सरकार देश में प्रति वर्ष बढ़ रही महंगाई को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा, "मंत्रीजी को यह बताना ही होगा। देश प्रतिदिन कमजोर क्यों हो रहा है। आप मूल्यों को क्यों नियंत्रित नहीं कर पा रहे हैं। आप किसान नेता के रूप में जाने जाते हैं फिर किसान बदहाल क्यों हैं।"
मुलायम ने कहा, "देश का एक चौथाई धन तो सिर्फ 100 परिवारों के पास है। उन्हें अपना धन और बढ़ाने में आप आखिर कितनी मदद करेंगे।" वहीं बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के दारा सिंह चौहान ने कहा, "वैश्विक मंदी के बावजूद कई देशों में महंगाई कम हुई है लेकिन हमारे देश में महंगाई कम होने की बजाए प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications