व्यापार के लिए भारत खुला है : मनमोहन सिंह

अमेरिका भारत व्यापार परिषद (यूएसआईबीसी) को संबोधित करने के बाद सिंह ने कहा, "आज आर्थिक गतिविधियों के प्राय: सभी क्षेत्रों में व्यापार के लिए भारत खुला है।" उन्होंने कहा, "नौ प्रतिशत की विकास दर हासिल करने की हमारी इच्छा में आधारभूत ढांचे की स्थिति अभी भी एक महत्वपूर्ण बाधा बनी हुई है।"
प्रधानमंत्री ने जोर दिया कि सड़क, रेल, हवाई अड्डों और बंदरगाहों सहित महत्वपूर्ण आधारभूत ढांचा क्षेत्र के विकास में निवेश करने के लिए अमेरिका के निवेशकर्ताओं के पास भारी गुंजाइश है। उन्होंने कहा, "हम इसमें बहुत अधिक संभावनाएं देखते हैं। सभी क्षेत्र आर्थिक सहयोग के लिए खुले हैं।"
भारत-अमेरिका सीईओ फोरम के उपाध्यक्ष और हनीवेल के सीईओ डेविड कोट के एक सवाल के जवाब में सिंह ने कहा, "भारत में इस महान देश के निवेशकों जितना स्वागत किसी अन्य देश के निवेशक का नहीं होता।" यूएसआईबीसी को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जो रणनीतिक संबंध मजबूत आर्थिक संबंधों पर आधारित नहीं होते उसमें वृद्धि की संभावना नहीं होती। दूसरी ओर व्यापार और आम लोगों के बीच संबंधों से दो देशों के बीच आपसी समझ बेहतर होने को बढ़ावा मिलता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह अमेरिका के साथ ऐसे ही संबंध चाहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications