छात्र की मौत के बाद आजमगढ़ में हिंसा
अपने साथी की मौत से गुस्साए एक महाविद्यालय के सैकड़ों छात्रों ने पुलिस से जमकर झड़पें की और कई वाहनों में तोड़फोड़ कर उनको आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव है।
आजमगढ़ स्थित राम सुभग किसान महाविद्यालय के छात्र एक निजी बस में सवार होकर फूलपुर लौट रहे थे। इस दौरान बस के फाटक पर खड़ा छात्र इंद्रेश कुमार फिसलकर नीचे गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान मौका पाकर बस चालक वहां से बस लेकर फरार हो गया। जिसे आगे पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया।
पथराव और आगजनी हुई
घटना से गुस्साए छात्रों ने बस चालक को अपने हवाले करने की मांग को लेकर फूलपुर-आजमगढ़ मार्ग जामकर कई वाहनों में तोड़फोड़ की और एक रोडवेस बस को आग के हवाले कर दिया। फूलपुर थाना प्रभारी सूर्यभान सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस के साथ आक्रोषित छात्रों ने हाथापाई की और उन पर पथराव किया। जब पुलिस ने बस चालक को उनके हवाले करने से इंकार कर दिया तो उन्होंने पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ कर एक जीप में आग लगा दी।
सिंह ने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में लेकिन तनावपूर्ण है, जिसे देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि उपद्रवी छात्रों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।













Click it and Unblock the Notifications