रैंप पर भैंस!
मधेपुरा जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर साहुगढ़ गांव में गुरुवार को भैंसों के लिए विशेष रूप से एक फैशन शो का आयोजन किया गया था। शो में मॉडल बनी भैंसों ने रैंप पर सजधर कर अपने 'सौंदर्य' की नुमाइश की। कार्यक्रम के अंत में भैंसों को पुरस्कार भी दिया गया।
इस फैशन शो के आयोजनकर्ता प्रभात रंजन ने आईएएनएस को बताया, "शो में जया, माधुरी, राधा, शिल्पा सहित एक दर्जन भैंसों ने भाग लिया। इन भैंसों को शो में भाग लेने के पहले स्नान करवाया गया था और उन्हें लाल और पीले रंग के आकर्षक कपड़े भी पहनाए गए थे।"
रंजन ने बताया कि कोसी के इलाके में पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के लिए इस तरह के फैशन शो का आयोजन लगातार किया जाएगा। उन्होंने बताया, "राधा नाम की भैंस के आकर्षक पहनावे और उसकी शालीनता को देखते हुए उसे विजेता घोषित किया गया और प्रथम पुरस्कार के रूप में 501 रुपये का इनाम भी दिया गया। वहीं दूसरे स्थान पर रहने वाली प्रतियोगी को 301 रुपये तथा तृतीय स्थान पर रहने वाली प्रतियोगी को 101 रुपये का पुरस्कार दिया गया।"
पुरस्कार की राशि प्रतिभागी भैंसों के पालकों को दी गई। इस कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष कोसी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद इन क्षेत्रों के पशुपालकों को काफी नुकसान उठाना पड़ा था, जिसके बाद अधिकांश लोगों ने यहां पशुपालन करना ही छोड़ दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications