नवजोत सिंह सिद्धू लापता हुए!

जी हां ऐसा ही कुछ अमृतसर में सोमवार को तब हुआ जब कांग्रेस के पूर्व विधायक डा राजकुमार ने शहर से नदारद सांसद व पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिद्धू की गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस में तहरीर के रूप में दर्ज करा आए।
यही नहीं शहर में जगह-जगह पोस्टर चस्पा किए जिस पर सिद्धू की फोटो लगी थी और उस पर लिखा था कि गुमशुदा सांसद को खोज निकालने वाले को उचित ईनाम दिया जाएगा।
'शहर अस्तव्यस्त और सांसद नदारद'
ऐसा करने के बाद सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में डा राजकुमार ने कहा कि पिछले तीन महीने से उनके शहर के सांसद सिद्धू का कोई पता नहीं है। बिजली कटौती से कारोबार पर काफी बुरा प्रभाव पड़ रहा है और सरकारी अधिकारी अपनी मनमानी कर रहे हैं, लोगों से ठीक से बात भी नहीं कर रहे हैं। ऐसे समय में सांसद मुंबई में बैठे बांसुरी बजा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सिद्धू को इस्तीफा दे देना चाहिए। जब वो अपनी जिम्मेदारी निभा नही सकते तो सांसद किस बात के। उन्होंने दावा किया कि सिद्धू के लापता होने की शिकायत सिविल लाइंस थाने में दर्ज करा दी गई है।
उधर भाजपा के नेताओं ने कांग्रेस के इस पैंतरे पर कहा है कि कांग्रेस के नेता सिद्धू से जलते हैं, इसलिए ऐसा कर रहे हैं। भाजपाइयों का कहा है कि सिद्धू उनके स्टार कैम्पेनर होने के साथ-साथ एक प्रभावशाली नेता हैं। लगातार चुनाव में उनकी जीत से कांग्रेस को जलन होने लगी है।












Click it and Unblock the Notifications