रिहा होगा बुश पर जूता फ़ेंकने वाला

अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज बुश पर एक पत्रकार वार्ता के दौरान जूता फेंकने वाला इराक़ी पत्रकार अपनी सज़ा पूरी करके जल्द ही रिहा होने जा रहा है. जॉर्ज बुश पर एक के बाद एक अपने दोनों जूते फेंकने वाले मुंतज़र अल ज़ैदी अरब देशों में हीरो बन गए थे.
दिसंबर, 2008 में हुई इस घटना के लिए वैसे तो मुंतज़र को तीन साल की सज़ा सुनाई गई थी लेकिन उनकी साफ़ सुथरी पृष्ठभूमि को देखते हुए इसे घटाकर एक साल कर दिया गया था. अब उनके अच्छे चाल-चलन को देखते हुए उन्हें तीन महीने पहले ही रिहा किया जा रहा है.
संभावना है कि उनकी रिहाई सोमवार को किसी समय हो जाए. उनके परिजनों ने रिहाई पर उनके स्वागत की व्यापक तैयारियाँ की हैं. उनकी योजना है कि वे बग़दाद के हिरासत केंद्र के बाहर मुंतज़र से मिलेंगे और फिर उनके लिए एक पार्टी का आयोजन किया जाएगा.
लोकप्रियता
मुंतज़र के बड़े भाई ने आरोप लगाए थे कि जेल में उनकी पिटाई की गई जिससे उनका हाथ टूट गया पसलियों की हड्डियाँ टूट गई थीं और उन्हें शरीर के भीतरी हिस्से में ख़ून बह रहा था. लेकिन इराक़ी अधिकारियों ने इन आरोपों का खंडन किया था.
काहिरा के अल-बग़दादिया टीवी के लिए काम करने वाले मुंतज़र को पहले कम ही लोग जानते थे. वे इस टीवी चैनल के साथ तीन साल काम कर चुके थे. लेकिन इन घटना के बाद न सिर्फ़ इराक़ में बल्कि पूरे अरब में एकाएक वे लोकप्रिय व्यक्ति बन गए क्योंकि उन्होंने अरब देशों के बहुत से लोगों की बुश के प्रति नाराज़गी को ज़ाहिर किया था.
इसके बाद तो इस घटना पर आधारित एक कंप्यूटर गेम भी बन गया. कई लोगों ने तो अपनी बेटी का ब्याह मुंतज़र के साथ करने की इच्छा ज़ाहिर की. टेलीविज़न चैनल ने घोषणा की थी कि क़ैद के दौरान उनको तनख़्वाह दी जाती रहेगी और राजधानी बग़दाद में उनके लिए एक मकान ख़रीदकर दिया जाएगा.काम के दौरान एक बार चरमपंथियों ने उनका अपहरण कर लिया था और दो बार अमरीकी फ़ौजों ने पूछताछ के लिए रोका था.












Click it and Unblock the Notifications