पुंछ में आतंकवादियों से मुठभेड़ जारी, 4 मरे, 3 जवान भी शहीद
लगभग 60 घंटे से जारी इस गोलीबारी के दौरान अब तक चार आतंकवादी मारे गए हैं और सेना के तीन जवान शहीद हो चुके हैं।
सेना ने गुरुवार को पुंछ जिले के मेंधर इलाके में स्थित पाती तार पहाड़ी के वन क्षेत्रों में आतंकवादियों के छिपे होने का सुराग मिलने पर वहां की घेरेबंदी की थी। घेरेबंदी के दौरान हुई गोलीबारी में सेना के दो जवान शहीद हो गए।
सूचना मिली थी कि इस इलाके में आतंकवादी संगठनों जैशे-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के कुछ शीर्ष कमांडर छिपे हुए हैं।
सेना की उत्तरी कमान के प्रवक्ता कर्नल डी.के. कचारी ने बताया कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई में चार आतंकवादी मारे गए लेकिन उनके शव बरामद नहीं किए जा सके। उन्होंने बताया कि सेना के जवानों ने वे शव देखे थे।
लगातार चल रही गोलीबारी के दौरान आतंकवाद निरोधक कार्रवाइयों में पुलिस को सहयोग देने वाले विशेष पुलिस अधिकारी नरेश कुमार भी शहीद हो गए।
सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी क्षेत्र में डेरा डाले हुए परिस्थितियों पर नजर रख रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications