दिल्ली विस्फोट : पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न (लीड-3)
नई दिल्ली, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। राजधानी में शनिवार को हुए सिलसिलेवार धमाकों के बाद सुरक्षा एजेंसियों और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की रविवार को यहां पुलिस मुख्यालय में बैठक हुई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि धमाकों के सिलसिले में उनके पास महत्वपूर्ण सुराग है और वे जल्द विस्फोट की गुत्थी सुलझा लेंगे। दिल्ली के व्यस्त माने जाने वाले तीन इलाकों में हुए सिलसिलेवार धमाकों में मृतकों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है।
धमाकों के बाद राजधानी के सभी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। बाजारों, सिनेमा हॉलों और अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस के विशेष सेल विस्फोट स्थलों से फोरेंसिक साक्ष्यों की मदद से गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है। इस संबंध में वह अभी कुछ भी सार्वजनिक नहीं करना चाहती।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि उन्होंने कई महत्वपूर्ण सुराग इकट्ठा किए हैं और उन्हें विश्वास है कि जल्द ही सिलसिलेवार विस्फोटों की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कूड़ा बीनने वाले उस बच्चे को पुलिस मुख्यालय लाया गया है जिसने दो संदिग्ध लोगों को कूड़ेदान में काले पोलिथीन बैग को रखते हुए देखा था। पुलिस मुख्यालय में हुई बैठक की अध्यक्षता दिल्ली के उप राज्यपाल तेजेन्द्र खन्ना ने की।
करोलबाग और पुरानी दिल्ली के होटलों और गेस्ट हाउसों की जांच की जा रही है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "हम सिमी पर भी संदेह कर रहे हैं।" पुलिस का एक दल गुजरात भी जा सकता है, जहां विस्फोटों के संबंध में के अबू बशीर से पूछताछ की जा सकती है।
गौरतलब है कि बशीर जुलाई में अहमदाबाद में हुए धमाकों का मास्टरमाइंड था। इन धमाकों में 56 लोगों की मौत हो गई थी। दिल्ली विस्फोटों की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस ने शनिवार रात राजधानी के विभिन्न इलाकों में छापेमारी भी की। एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि सात से आठ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए लोगों से दिल्ली पुलिस की विशेष सेल और खुफिया ब्यूरो पूछताछ करेंगे।
आतंकवादी संगठन इंडियन मुजाहिदीन ने इन धमाकों की जिम्मेदारी ली है। इससे पहले अहमदाबाद में 26 जुलाई को हुए धमाके की जिम्मेदारी भी इसी संगठन ने ली थी।
राजधानी के कनाट प्लेस में तीन, गेट्रर कैलाश-वन में दो और करोलबाग इलाके में एक धमाका हुआ। पहला धमाका करोल बाग के गफ्फार मार्केट में शाम 6.15 बजे हुआ। इलेक्ट्रानिक सामान के लिए मशहूर इस विशाल बाजार में कम से कम 16 लोग मारे गए और लगभग 50 लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कनाट प्लेस के सेंट्रल पार्क में 10 सेकेंड के अंतराल पर दो धमाके हुए। दोनों बम कूड़ेदान में रखे गए थे। यहां 20 लोग घायल हो गए।
कनाट प्लेस में तीसरा धमाका बाराखंभा रोड पर गोपालदास भवन के निकट हुआ। यह स्थान मेट्रो स्टेशन के प्रवेश द्वार के निकट है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यहां भी बम एक कूड़ेदान में रखा गया था।
पुलिस के मुताबिक यहां धमाकों से दो व्यक्तियों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी प्रांजल बरुआ के अनुसार मरने वालों में एक साधु और एक महिला है। पुलिस के अनुसार इंडिया गेट पर एक बम को फटने से पहले ही निष्क्रिय कर दिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications