बम की धमकी के बाद चेन्नई में हाई अलर्ट
चेन्नई, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली में सिलसिलेवार हुए पांच बम धमाकों के बाद रविवार को तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में बम की धमकी के बाद हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। दिल्ली में शनिवार शाम हुए बम धमाकों में 23 लोग मारे गए और तकरीबन 100 घायल हुए हैं।
पुलिस कमिश्नर आर. शेखर ने आईएएनएस से कहा, "राज्य में अब पहले से भी ज्यादा सतर्कता बरती जा रही है।" शनिवार को दिल्ली बम धमाकों के बाद आतंकवादियों द्वारा ईमेल के जरिए दक्षिणी महानगरों में बम विस्फोट की धमकी दिए जाने के बाद उन्होंने प्रतिक्रियास्वरूप यह कहा।
शेखर ने कहा, "सभी धार्मिक स्थलों, सिनेमाघरों, हवाई, रेल और बस पड़ावों, बाजारों, पार्को आदि सामुदायिक स्थानों पर गश्त तेज कर दी गई है। अगले 24 घंटों के लिए पार्सल सुविधाओं पर रोक लगा दी गई है और यात्रियों के सामानों की जांच शारीरिक और मेटल डिटेक्टरों से की जा रही है।"
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धार्मिक स्थलों में पहुंचने वालों की भी जांच की जा रही है, जिसमें पुलिस को जनता का पूरा सहयोग मिल रहा है।
वरिष्ठ पुलिस सूत्रों के अनुसार पूरे राज्य में जगह-जगह वाहन चालकों को रोक कर उनकी जांच की जा रही है। अगले 24 घंटों के लिए सभी पड़ावों में वाहन खड़ी करने की व्यवस्था भी खत्म कर दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications