नारी शक्ति के भरोसे UP फतह की तैयारी? काशी में महिलाओं से संवाद करेंगे PM मोदी, गंगा एक्सप्रेसवे की महा-सौगात
PM Narendra Modi Varanasi-Hardoi Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से अपने दो दिवसीय (28-29 अप्रैल) दौरे पर उत्तर प्रदेश पहुंच गए हैं। यह दौरा राज्य के बुनियादी ढांचे (Infrastructure) और सामाजिक विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान पीएम मोदी न केवल देश के सबसे लंबे एक्सप्रेसवे में से एक 'गंगा एक्सप्रेसवे' का उद्घाटन करेंगे, बल्कि अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को भी हजारों करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 11 साल में 54वीं बार काशी आए हैं। यह उनका 2026 का पहला दौरा है। आइए जानतें हैं प्रधानमंत्री के इस दौरे का पूरा मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम क्या है?
पीएम मोदी के आगमन से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन के काशी आगमन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, दोनों उपमुख्यमंत्री-केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक-और प्रदेश महासचिव (संगठन) धर्मपाल सिंह ने उनकी अगवानी की। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।

काशी में 'नारी शक्ति' का शंखनाद
आज शाम करीब 5 बजे वाराणसी में आयोजित एक विशाल महिला सम्मेलन में पीएम मोदी हिस्सा लेंगे। यहां करीब 50 हजार महिलाएं मौजूद रहेंगी, जिनसे पीएम 'मन की बात' करेंगे।
- विकास की सौगात: इस अवसर पर वह वाराणसी के लिए लगभग ₹6,350 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
- अमृत भारत एक्सप्रेस: कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए पीएम दो नई 'अमृत भारत एक्सप्रेस' ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
बाबा विश्वनाथ की शरण और गंगा एक्सप्रेसवे
- मंदिर दर्शन: बुधवार सुबह 8:30 बजे पीएम मोदी श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।
- गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन: सुबह 11:30 बजे पीएम हरदोई पहुंचेंगे और बहुप्रतीक्षित 594 किमी लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे।
गंगा एक्सप्रेसवे की खासियत:
- लागत: करीब ₹36,230 करोड़।
- विस्तार: यह 6-लेन (8-लेन तक विस्तार योग्य) एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक 12 जिलों को जोड़ेगा।
- फायदा: इससे मेरठ और प्रयागराज के बीच का सफर मात्र 6-7 घंटे में पूरा हो सकेगा।
अन्य प्रमुख परियोजनाएं
दौरे के दौरान पीएम जल जीवन मिशन की 30 ग्रामीण पेयजल योजनाओं, चंद्रावती घाट के पुनर्विकास और सारनाथ में पर्यटन विकास जैसे कई सामुदायिक कार्यों का भी लोकार्पण करेंगे।
चुनावी समीकरणों की बिसात: 2027 की तैयारी
दरअसल, प्रधानमंत्री का यह दौरा केवल विकास परियोजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे साल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के शंखनाद के रूप में देखा जा रहा है। काशी में 50 हजार महिलाओं से संवाद के जरिए पीएम मोदी 'साइलेंट वोटर' यानी नारी शक्ति को साधने की कोशिश करेंगे, जो पिछले चुनावों में भाजपा की जीत का बड़ा आधार रही हैं।
वहीं, पश्चिमी यूपी को पूर्वी यूपी से जोड़ने वाले गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन यह संदेश देता है कि सरकार की प्राथमिकता 'विकासवाद' है। बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी और हरदोई जैसी महत्वपूर्ण राजनीतिक जमीन से हुंकार भरकर पीएम मोदी ने चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने और विपक्षी खेमे को अपनी ताकत का अहसास कराने का मास्टरस्ट्रोक चल दिया है।













Click it and Unblock the Notifications