ईपीएफ प्रबंधन मामले की जांच करे सीबीआई : बीएमएस
नई दिल्ली, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) ने भविष्य निधि कोष (ईपीएफ फंड) का प्रबंधन निजी बैंकों एवं संस्थानों को सौंपने संबंधी केंद्र सरकार के निर्णय की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की है।
इस मांग का प्रस्ताव इस वर्ष 8, 9 एवं 10 सितंबर को पुष्कर में हुई बीएमएस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पास किया गया।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने केंद्र सरकार के इस निर्णय के विरोध में इस वर्ष एक नवंबर से 15 नवंबर तक राष्ट्रव्यापी अभियान चलाने का फैसला किया है। ईपीएफ के एक करोड़ से अधिक सदस्यों व कर्मचारियों के हस्ताक्षर वाला एक ज्ञापन राष्ट्रपति को सौंपे जाने की योजना है।
बीएमएस का कहना है कि सरकार ने ईपीएफ फंड का प्रबंधन सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के हवाले करने के स्थान पर गरीब कर्मचारियों की खून-पसीने की कमाई निजी एवं विदेशी बैंकों व संस्थानों को देने का निर्णय लिया है। यह कर्मचारियों की भविष्य निधि के साथ खिलवाड़ करना है, लिहाजा इस प्रकरण की जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications