Bengal Election 2026: BJP या TMC? SIR का असर पड़ा तो किसकी बनेगी सरकार? समझें 294 सीटों का पूरा गुणा-भाग!
West Bengal Election Result 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 का मुकाबला अब सिर्फ प्रचार, रैलियों और नारों तक सीमित नहीं रह गया है। चुनावी चर्चा का सबसे बड़ा केंद्र अब स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR बन चुका है। वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने के बाद राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते दिख रहे हैं। राज्य की 294 विधानसभा सीटों पर मुकाबला मुख्य रूप से तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच है। सरकार बनाने के लिए 148 सीटों की जरूरत है, लेकिन सवाल यह है कि क्या SIR इस चुनाव का सबसे बड़ा गेम चेंजर साबित होगा?
बंगाल के कई जिलों में चुनावी माहौल को समझने पर एक बात साफ दिखाई देती है कि इस बार मुकाबला सिर्फ वोट प्रतिशत का नहीं, बल्कि डर, भरोसे, पहचान और बूथ स्तर की रणनीति का भी है। मुर्शिदाबाद, मालदा, कोलकाता, नादिया, दार्जिलिंग, झारग्राम और संदेशखाली जैसे क्षेत्रों में मतदाता सिर्फ उम्मीदवार नहीं, बल्कि अपने भविष्य को लेकर भी फैसला करते दिखाई दे रहे हैं। दैनिक भास्कर ने इसी SIR वाले एंगल को समझने के लिए चुनावी एनालिसिस किया है। आइए समझते हैं इसमें क्या कुछ निकल कर सामने आया है।

▶️बीजेपी का गणित: 91 लाख नाम कटे, क्या खुल जाएगा सत्ता का द्वार?
बीजेपी के आत्मविश्वास के पीछे सबसे बड़ी वजह वोटर लिस्ट में हुआ बड़ा बदलाव है। इस बार SIR प्रक्रिया के तहत कुल 91 लाख नाम लिस्ट से हटाए गए हैं। इनमें से करीब 47 लाख लोग वे हैं जिनकी मृत्यु हो चुकी है। पॉलिटिकल एक्सपर्ट्स का मानना है कि पिछले चुनावों में टीएमसी और बीजेपी के बीच वोटों का अंतर लगभग 60 लाख था।
- वोट बैंक में सेंध: माना जा रहा है कि डिलीट किए गए नामों में एक बड़ा हिस्सा टीएमसी के पारंपरिक वोट बैंक का था। अगर ये वोट कम होते हैं, तो टीएमसी का ग्राफ नीचे गिरना तय है।
- मार्जिन वाली सीटों पर असर: 2021 के आंकड़ों को देखें तो करीब 30 सीटें ऐसी थीं जहां हार-जीत का अंतर 1000 से भी कम था। वहीं 100 सीटों पर फासला 5 से 10 हजार के बीच था। 47 लाख वोट कम होने का सीधा मतलब है कि इन सीटों पर नतीजा पूरी तरह पलट सकता है।
- संभावित सीटें: इस गणित के हिसाब से बीजेपी 150 से 170 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बना सकती है, जबकि टीएमसी 110-140 के बीच सिमट सकती है।


भाजपा का मानना है कि हटाए गए नामों में बड़ी संख्या उन वोटर्स की थी, जो परंपरागत रूप से तृणमूल कांग्रेस के समर्थन में मतदान करते थे। वहीं तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि इस प्रक्रिया ने ग्रामीण और अल्पसंख्यक इलाकों में डर का माहौल पैदा किया है।
▶️ टीएमसी का 'डर' कार्ड: क्या नागरिकता का खौफ बनेगा ममता का कवच?
ग्राउंड जीरो पर कवरेज के दौरान एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। ग्रामीण इलाकों में यह अफवाह या डर घर कर गया है कि वोटर लिस्ट से नाम कटना सिर्फ प्रक्रिया नहीं, बल्कि नागरिकता छीनने की पहली सीढ़ी है। लोगों को लग रहा है कि अगर उनका नाम लिस्ट में नहीं रहा, तो उन्हें 'घुसपैठिया' बताकर देश से बाहर कर दिया जाएगा।
बंपर वोटिंग का राज: इसी डर की वजह से इस बार 93% तक रिकॉर्ड मतदान देखा जा रहा है। लोग अपना राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और वजूद बचाने के लिए हर हाल में वोट डालने निकल रहे हैं।
अस्मिता की लड़ाई: भ्रष्टाचार और एंटी-इनकम्बेंसी जैसे बड़े मुद्दे इस 'अस्मिता' की लड़ाई के सामने फीके पड़ गए हैं। अगर यह खौफ टीएमसी के पक्ष में लामबंद हुआ, तो ममता बनर्जी 160 से 190 सीटें जीतकर अपनी सत्ता बचा सकती हैं। ऐसी स्थिति में बीजेपी 80 से 110 सीटों पर ही अटक जाएगी।
▶️मुस्लिम वोटर्स का मिजाज: मालदा-मुर्शिदाबाद में क्या कांग्रेस करेगी कमाल?
मुस्लिम बहुल इलाकों में इस बार समीकरण थोड़े उलझे हुए हैं। मुर्शिदाबाद और मालदा जैसे जिलों में टीएमसी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी को लेकर नाराजगी साफ दिख रही है।
कांग्रेस को ऑक्सीजन: चूंकि मुस्लिम वोटर बीजेपी के साथ जाने से परहेज करता है, इसलिए उनकी पहली पसंद के तौर पर कांग्रेस उभर रही है। जानकारों का मानना है कि कांग्रेस यहां 1 से 3 सीटें जीतकर अपनी मौजूदगी दर्ज करा सकती है।
अन्य खिलाड़ी: दक्षिण बंगाल में पीरजादा अब्बास सिद्दीकी की ISF (इंडियन सेक्युलर फ्रंट) एक या दो सीटों पर मजबूत है। वहीं, वामपंथी दल (CPI-M) कुछ सीटों पर दूसरे नंबर पर रहकर मुकाबले को त्रिकोणीय बना रहे हैं। हुमायूं कबीर की पार्टी AJUP का फिलहाल कोई खास असर नहीं दिख रहा है।
▶️ सुरक्षा का घेरा और बाहरी राज्यों की रणनीति
बीजेपी ने इस बार अपनी रणनीति में कोई कसर नहीं छोड़ी है। मालदा, मुर्शिदाबाद और संदेशखाली जैसे संवेदनशील इलाकों में पैरा-मिलिट्री फोर्सेज की भारी तैनाती है।
निडर वोटिंग: गलियों में फोर्स होने की वजह से आम लोग बिना किसी डर के बूथ तक पहुंच रहे हैं, जिसे बीजेपी अपने लिए फायदेमंद मान रही है।
मंत्रियों की फौज: बीजेपी शासित राज्यों (यूपी, एमपी, बिहार, असम) के मंत्री, सांसद और विधायक हर बूथ पर माइक्रो-मैनेजमेंट कर रहे हैं। भ्रष्टाचार के मुद्दों के साथ-साथ बीजेपी ने टीएमसी की 'लक्ष्मी भंडार' योजना के जवाब में 3000 रुपये देने का बड़ा वादा भी दांव पर लगा दिया है।

▶️क्या कहता है बंगाल का चुनावी इतिहास? B(engal Electoral History)
बंगाल में जब-जब बंपर वोटिंग हुई है, तब-तब सत्ता की कुर्सी हिली है।
- 1977 का चुनाव: यहां 56.15% वोटिंग हुई और कांग्रेस को हटाकर कम्युनिस्टों ने सत्ता संभाली।
- 2011 का चुनाव: 85.55% की भारी वोटिंग हुई और ममता बनर्जी ने 34 साल पुराने वामपंथी किले को ढहा दिया।
- 2026 का अनुमान: इस बार 93% वोटिंग ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। विश्लेषक इसे सत्ता विरोधी लहर (Anti-Incumbency) मान रहे हैं, जो बीजेपी के लिए शुभ संकेत हो सकता है।
पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 में असली मुकाबला अब सिर्फ दो पार्टियों के बीच नहीं, बल्कि दो अलग-अलग नैरेटिव के बीच दिखाई देता है। भाजपा मानती है कि वोटर लिस्ट संशोधन और एंटी इनकम्बेंसी उसे सत्ता तक पहुंचा सकते हैं। वहीं तृणमूल कांग्रेस को भरोसा है कि डर, पहचान और सामाजिक समीकरण उसे एक बार फिर मजबूत बनाएंगे।
इस चुनाव का नतीजा शायद सिर्फ वोट प्रतिशत से तय नहीं होगा। छोटे अंतर वाली सीटें, हटे हुए वोटर्स, बूथ मैनेजमेंट और समुदाय आधारित मतदान इस बार निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। बंगाल की राजनीति में 2026 का चुनाव सिर्फ सीटों की लड़ाई नहीं, बल्कि राजनीतिक मनोविज्ञान की भी परीक्षा बन चुका है।














Click it and Unblock the Notifications