लिवरपूल ने मैनचेस्टर युनाइटेड को हराया
एनफील्ड (इंग्लैंड), 14 सितम्बर (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियरशिप के रोमांचक मुकाबले में लिवरपूल ने शनिवार को मैनचेस्टर युनाइटेड को 2-1 से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की।
हालांकि मैनचेस्टर युनाइटेड ने कार्लोस तेवेज के शानदार गोल की मदद से तीसरे मिनट में ही बढ़त हासिल कर ली थी। युनाइटेड के लिए पहला मैच खेल रहे स्टार फुटबालर दिमितार बेर्बातोव ने इस गोल को करने में तेवेज की मदद की।
युनाइटेड की खुशी ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सकी क्योंकि 26वें मिनट में उसके डिफेंडर वेस ब्राउन ने अपने ही गोलपोस्ट में गेंद डालकर लिवरपूल को अनचाही खुशी दे दी। लिवरपूल 1-1 की बराबरी कर चुका था।
इसके बाद तो मानों लिवरपूल के खिलाड़ियों का जोश दोगुना हो गया। इसी का नतीजा था कि उन्होंने लगातार हमला जारी रखा। मैच खत्म होने से 13 मिनट पहले स्थानापन्न रेयान बाबेल ने एक शानदार गोल कर लिवरपूल को जीत दिला दी।
शनिवार को खेले गए अन्य मुकाबलों में चेल्सी ने जहां मैनचेस्टर सिटी को 3-1 से पराजित कर पूरे अंक हासिल किए, वहीं न्यूकासल युनाइटेड को हल सिटी क्लब के हाथों 2-1 से हार झेलनी पड़ी।
हालांकि फल्हम ने बोल्टन वांडर्स को 2-1 से और आर्सेनल ने ब्लैकबर्न रोवर्स को 4-0 से हराने में सफलता हासिल की, लेकिन नए प्रबंधक की देखरेख में वेस्ट हैम को वेस्ट ब्रोमविच के हाथों 2-3 से हार झेलनी पड़ी।
प्रीमियरशिप में अभी तक खेले गए मैचों के आधार पर टीमों की स्थिति की बात करें तो चार-चार मैचों के बाद चेल्सी और लिवरपूल 10-10 अंक लेकर सबसे आगे चल रहे हैं, जबकि आर्सेनल 9 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। मैनचेस्टर युनाइटेड 4 अंकों के साथ निराशाजनक रूप से 13वें स्थान पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications