लखनऊ में 5 वन्य जीवों की खालों समेत एक गिरफ्तार
लखनऊ, 25 जुलाई(आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वन्य जीवों की पांच खालें और एक खोपड़ी बरामद की है।
लखनऊ के पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) परेश पांडे ने आईएएनएस को बताया कि पुलिस ने शहर के नाका इलाके से वीरेंद्र सिंह पटेल नाम के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चिंकारा की दो खालें, बाघ और चीतल की एक-एक खाल और एक अज्ञात वन्य जीव की खाल तथा एक वन्य जीव की खोपड़ी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में वीरेंद्र ने खुद को कौशाम्बी जिले के पश्चिमी शरीरा का रहने वाला बताया है। वीरेंद्र ने बताया कि अपने साथी छोटा सिंह की मदद से मध्यप्रदेश की सीमा से सटे चित्रकूट जिले के कसेरूआ, रमपुरिया और चूली के जंगलों में आदिवासियों से शिकार करवाकर वन्य जीवों की खालें लखनऊ लाकर बृजेश सिंह नाम के आदमी को बेचता था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वीरेंद्र के खिलाफ वन्य जीव जन्तु संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। बृजेश और छोटा सिंह की तलाश की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications