उत्तर भारत में बूंदाबांदी, तापमान गिरा
नई दिल्ली, 26 मई (आईएएनएस)। उत्तर भारत में आज हुई बारिश से मौसम में कुछ ठंडक बढ़ी। राजधानी में भी आज सुबह हुई जोरदार बरसात से पिछले कुछ दिनों से बढ़ रहे तापमान से कुछ राहत महसूस हुई। दिल्ली में आज का अधिकतम तापमान 35.8 और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
उधर बंगाल की खाड़ी के ऊपर मौजूद दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर-पश्चिमी दिशा की ओर बढ़ रहा है। अरब सागर के ऊपर पिछले 3-4 दिनों से मौजूद हवा के तेज बहाव के कारण लक्षद्वीप, केरल और तटवर्ती कर्नाटक में भारी बरसात हो सकती है।
देश के पूर्वी हिस्सों में भी हरियाणा और निकटवर्ती क्षेत्रों के ऊपर बने चक्रवात के कारण अगले 2-3 दिनों तक उत्तर भारत में आंधी चल सकती है और बरसात की संभावना है।
अगले 24 घंटों के मौसम के बारे में अनुमान है कि हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तरखंड में कुछ स्थानों पर बरसात हो सकती है और शेष स्थानों पर गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी अनेक स्थानों पर बारिश की संभावना है। इसके अतिरिक्त, तटवर्ती उड़ीसा में भी कुछ स्थानों पर बरसात हो सकती है। पूर्वोत्तर के अधिकांश स्थानों पर बारिश की संभावना है।
देश के दक्षिणी हिस्सों में तटवर्ती आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह पर बरसात हो सकती है।
उधर राजस्थान, कोंकण-गोवा और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। अधिकांश स्थानों पर मौसम खुश्क रहेगा। पश्चिम मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी कुछ स्थानों पर बरसात की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications