दिल्ली में गुर्जरों का प्रदर्शन
नई दिल्ली, 26 मई (आईएएनएस)। राजस्थान में अनुसूचित जनजाति की श्रेणी में शामिल होने के लिए प्रदर्शन कर रहे गुर्जरों के साथ सौहार्द जताने के लिए आज राष्ट्रीय राजधानी में भी करीब 500 गुर्जरों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने राजस्थान की भाजपा सरकार को बर्खास्त करने की भी मांग की।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक रामबीर सिंह बिधूड़ी ने जंतर-मंतर पर एकत्र प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया और राजस्थान में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की मांग की।
बिधूड़ी ने आईएएनएस को जानकारी देते हुए कहा, "वसुंधरा राजे सरकार गुर्जरों को अनुसूचित जाति की श्रेणी में शामिल करने के अपने पहले के वादे को निभाने में असफल रही हैं। अब वह गुर्जरों को मार रही है।"
उन्होंने उन पुलिस वालों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की जिनकी गैरजिम्मेदाराना गोलीबारी में 37 व्यक्तियों की जानें गई थीं।
बिधूड़ी ने कहा, "पुलिस के हाथों गुर्जरों को मरवा कर राजे सरकार ने बातचीत के दरवाजे बंद कर दिए हैं। मारे गए लोगों के परिजनों और घायलों को तुरंत मुआवजा दिया जाना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications