उत्तर भारत में बारिश से राहत
नई दिल्ली, 23 मई (आईएएनएस)। उत्तर भारत में अनेक स्थानों पर पिछले कुछ दिनों से हो रही बरसात आज धीमी पड़ी। राजधानी दिल्ली में भी आज सुबह काम पर जाने वालों को अधिक कठिनाई नहीं उठानी पड़ी। इसके विपरीत, अनुमान है कि अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर भारत में अनेक स्थानों पर बारिश जारी रहेगी।
कल महाराष्ट्र और केरल के तटवर्ती इलाकों के निकट पूर्वी अरब सागर के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के बारे में अनुमान है कि यह अगले 48 घंटों के दौरान पूर्ववत बना रहेगा। सीमावर्ती पंजाब और उत्तरी राजस्थान के ऊपर बने चक्रवात के हालात भी पहले की तरह बने रहेंगे। गंगा के मैदानी इलाकों में बरसात के कारण पड़ रही उमस भी कायम रहेगी। इस कारण गंगा के मैदानी इलाकों और देश के मध्यवर्ती हिस्सों में अगले दो दिनों तक बरसात हो सकती है।
देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों के मौसम के बारे में अनुमान है कि अगले 48 घंटों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में अनेक स्थानों पर बारिश हो सकती है या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भी बरसात की संभावना है। दिल्ली में आज का अधिकतम तापमान 29.0 और न्यूनतम 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज रिकॉर्ड किया गया।
उधर पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तरी उड़ीसा, झारखंड और बिहार में भी 48 घंटों के दौरान अनेक स्थानों पर बरसात की संभावना है। पूर्वोत्तर के भी अनेक स्थानों पर बारिश हो सकती है।
पूर्वी राजस्थान, कोंकण-गोवा, दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर और पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं बरसात की संभावना है। शेष स्थानों पर मौसम खुश्क रहेगा।
देश के मध्य हिस्सों में उत्तरी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर, और छत्तीसगढ़ और दक्षिणी मध्य प्रदेश में इक्का-दुक्का स्थानों पर बरसात हो सकती है। अधिकतर मौसम खुश्क रहेगा।
दक्षिणी हिस्सों में केरल, लक्षद्वीप और तटवर्ती कर्नाटक में कुछ स्थानों पर बरसात हो सकती है। आंध्र प्रदेश में गर्मी का प्रकोप कायम रहेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications