भारत करे ओलंपिक का बहिष्कार : पेंपा सेरिंग
लखनऊ, 5 मई (आईएएनएस)। भारत को बीजिंग ओलंपिक का बहिष्कार करना चाहिए। चीन ने अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक कमेटी के सामने वादा किया था कि वह किसी के मानवाधिकारों का हनन नहीं होने देगा। जबकि तिब्बत के हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। यह कहना है तिब्बितयन यूथ कांग्रेस के महासचिव पेंपा सेरिंग का।
सेरिंग ने आज राजधानी लखनऊ में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 1959 के बाद चीन द्वारा तिब्बत को गुलाम बनाने के बाद भारत सरकार को तिब्बत सीमा पर लगातार सुरक्षा चौकसी बढ़ाने में हर साल सैकड़ों करोड़ रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं। साथ ही तिब्बत के गुलाम बनने से भारत की सुरक्षा को खतरा बढ़ गया है। ऐसे में भारत सरकार को तिब्बत मसले पर अपनी चुप्पी तोड़कर खुल कर चीन की निंदा करनी चाहिए। साथ ही भारत को बीजिंग ओलंपिक का बहिष्कार भी करना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि वह तिब्बत में चीन सरकार द्वारा किए गए जुल्म के खिलाफ नई दिल्ली से बोधगया तक की पदयात्रा के प्रतिनिधि भी हैं। यह यात्रा 9 अप्रैल को शुरू हुई थी। सेरिंग ने कहा कि चीन में ओलंपिक खेलों के लिए सही माहौल नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications