पारा लुढ़का, दिल्ली को राहत
नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज तापमान कम होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। राजधानी में आज का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस था।
मौसम विभाग के अनुसार तेज हवाएं चलने से देश के उत्तरी और मध्य हिस्से में पड़ रही प्रचंड गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिलेगी।
देश में आज का सर्वाधिक तापमान राजस्थान में चुरु में 45.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार अगले चौबीस घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अतिरिक्त जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई स्थानों पर बरसात होने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार गत दो माह से उत्तर भारत में पड़ रही गर्मी में आने वाले कुछ दिनों के दौरान कमी आएगी बल्कि गुरुवार तक मौसम में नरमी रहने की संभावना है।
उधर झारखंड में सोमवार को पारा 40 से अधिक रहा। तेज गर्मी के कारण राज्य भर के विद्यालयों को समय से पहले ही गर्मियों की छुट्टियों के लिए बंद करने के आदेश दिए गए हैं। इसके आधार पर करीब दस विद्यालयों ने आज से ही अपने ग्रीष्म अवकाश की घोषणा कर दी है।
देश के अन्य हिस्सों छत्तीसगढ़, उत्तरी मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, अंडमान- निकोबार द्वीपसमूह और लक्षद्वीप में भी कुछ स्थानों पर बरसात होने की संभावना व्यक्त की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications