गूगल का नया औजार अब आपकी भाषा में
नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। इंटरनेट सर्च इंजन 'गूगल' ने हिंदी अनुवाद के क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत की। गूगल ने आज 'गूगल ट्रांसलेट' नामक अनुवाद सेवा की शुरुआत करने की घोषणा की है। हिंदी और अंग्रेजी में अनुवाद को लेकर गूगल का यह नया औजार कई महत्वपूर्ण कार्य करेगा।
भारत में अंग्रेजी साक्षरों की संख्या काफी कम है, इसलिए गूगल का यह अनुवादक औजार उन लोगों के लिए फायदेमंद साबित होगा जो इंटरनेट पर अंग्रेजी की सामग्री हिंदी में खोजना चाहते हैं। आंकड़ों के अनुसार भारत में केवल 13 फीसदी ही अंग्रेजी साक्षर हैं।
गूगल ने हिंदी टाइपिंग को भी सुलभ करने की कोशिश की है। इसके लिए 'फोनेटिक फांट' इजाद किया गया है। मसलन यदि किसी को राम शब्द लिखना है तो अंग्रेजी में आरएएम टाइप करने से 'राम' शब्द लिखा जाएगा। 'गूगल लैब्स इंडिया' पर गूगल यह सुविधा मुहैया करा रहा है।
भले ही इंटरनेट पर हिंदी में सामग्री का अभाव है लेकिन गूगल के अनुवादक औजार द्वारा इस क्षेत्र में नए प्रयोग होने की संभावना है। खासकर अंग्रेजी सामग्रियों के हिंदी में अनुवाद किए जाने से पाठकों को लाभ पहुंचने की उम्मीद है। ब्लागिंग के क्षेत्र में भी अब आसानी से हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम में पोस्ट किए जा सकते हैं। साथ ही सर्च करने के लिए भी अब इन भाषाओं का सहारा लिया जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।