पश्चिमी धमकियों के आगे नहीं झुकेगा ईरान: अयातुल्लाह खोमैनी
तेहरान, 5 मई (आईएएनएस)। ईरान ने सर्वोच्च धार्मिक नेता अयातुल्लाह खोमैनी ने कहा है कि उनका देश पश्चिम के आर्थिक प्रतिबंधों के आगे नहीं झुकेगा।
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी 'इरना' के अनुसार रविवार को फारस प्रांत के नोराबाद ममानी में एक सभा को संबोधित करते हुए खोमैनी ने कहा, "हम अपने रास्ते पर चलना जारी रखेंगे और तानाशाहों को हमारे राष्ट्र के अधिकारों को छीनने की अनुमति नहीं देंगे।"
खोमैनी के बयान को शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के पांच स्थायी सदस्यों द्वारा ईरान को यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम छोड़ने के बदले तकनीकी सहायता देने के प्रस्ताव के जवाब के रूप में देखा जा रहा है।
खोमैनी ने अपने भाषण में कहा, "ईरान को धमकियों से समर्पण करने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता है।"
गौरतलब है कि अयातुल्लाह खोमैनी ईरान के संविधान के अनुसार राष्ट्र के किसी भी मामले में निर्णय लेने वाले सर्वोच्च नेता हैं।
खोमैनी ने अधिकारियों से नागरिकों के हितों की सुरक्षा करने वाली ऐसी नीति तैयार करने को कहा है जिससे पश्चिमी देशों के आर्थिक प्रतिबंधों को बेअसर किया जा सके।
खोमैनी ने कहा कि हमारे दुश्मन सोचते हैं कि आर्थिक प्रतिबंधों से वह हमारे देश को घुटने टेकने के लिए मजबूर करने में सफल हो जाएंगे लेकिन उनका मंसूबा पूरा नहीं होगा।
उल्लेखनीय है कि अमेरिका और कुछ पश्चिमी देश कह रहे हैं कि नागरिक परमाणु कार्यक्रम की आड़ में ईरान परमाणु हथियारों का निर्माण कर रहा है। ईरान इस आरोप को लगातार खारिज करता रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications