जिम्बाब्वे में चुनावों की यूएन करे निगरानी : न्यूजीलैंड
वेलिंग्टन, 5 मई (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड ने कहा है कि जिम्बाब्वे में हो रहे राष्ट्रपति पद के चुनाव के दूसरे दौर में यदि विपक्षी 'मूवमेंट फॉर डेमोक्रेटिक चेंज'(एमडीसी) भाग लेती है तो संयुक्त राष्ट्र (यूएन) को निगरानी की अनुमति दी जानी चाहिए।
न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री हेलेन क्लार्क ने साप्ताहिक पत्रकार वार्ता में कहा, "जिम्बाब्वे के राष्ट्रपति राबर्ट मुगाबे की सरकार सत्ता पर अपना नियंत्रण बनाए रखने की कोशिश में विपक्षी कार्यकर्ताओं, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और अन्य नागरिक समूहों के अधिकारों का लगातार दमन कर रही है।"
यद्यपि क्लार्क ने कहा कि यह तय नहीं है कि एमडीसी राष्ट्रपति पद के लिए होने वाले चुनावों के दूसरे दौर में भाग लेगी।
गौरतलब है कि विपक्षी दल के नेता मोर्गन त्स्वांगिरई दावा कर चुके हैं कि पहले चरण के चुनावों में उन्हें 50 फीसदी से अधिक मत हासिल हुए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर एमडीसी इन चुनावों में भाग लेती है तो वहां अंतर्राष्ट्रीय पर्यवेक्षकों की उपस्थिति आवश्यक है ताकि चुनावों में जिम्बाब्वे की जनता की इच्छा का सम्मान हो सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications