कठपुतलियों का मेला लगेगा भोपाल में
भोपाल, 5 मई (आईएएनएस)। भोपाल के रवींद्र भवन में छह मई से तीन दिन तक कठपुतलियों का मेला लगेगा। संस्कृति संचालनालय द्वारा आयोजित पुतुल महोत्सव में देश की कई लोक कला मंडलियां कठपुतली के माध्यम से लोगों का मनोरंजन करेंगी।
तीन दिन के इस महोत्सव के पहले दिन उदयपुर का भारतीय लोक कलामंडल कठपुतलियों के माध्यम से रामायण के दृष्टान्तों का मंचन करेगा। इस प्रस्तुति में 110 कठपुतलियां मंच पर अपनी कला का जौहर दिखाएंगी।
इस तरह का प्रयोग अब से कोई 35 साल पहले पद्मश्री स्वर्गीय देवी लाल सावर ने किया था। एक साथ इतनी कठपुतलियों के साथ कहानी कहना काफी कठिन है। भोपाल में यह प्रदर्शन पहली बार हो रहा है।
इस पुतुल समारोह में कोलकाता के आर्जमन चौधरी के निर्देशन में चांडालिका तथा रवि रंजनी की प्रस्तुति होगी। इस मंचन में नृत्य, पुतली एवं फि ल्म के समन्वय का सहारा लिया जाएगा। इस समारोह के तीसरे दिन चंडीगढ़ के ग्रुप पुतुल नाचे अशार की ओर से पांच रचनाओं की प्रस्तुति की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications