भोपाल गैस पीड़ितों ने प्रधानमंत्री कार्यालय के बाहर जताया विरोध
नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। भोपाल गैस त्रासदी के प्रकोप से पीड़ित 70 प्रदर्शनकारियों को आज प्रधानमंत्री कार्यलय के बाहर हिरासत में ले लिया गया। इन प्रदर्शनकारियों में 40 बच्चे भी शामिल हैं।
अपनी मांगों के समर्थन में यह प्र्दशनकारी प्रधानमंत्री कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। यह प्रदर्शनकारी लगभग 800 किलोमीटर पैदल मार्च कर भोपाल से दिल्ली पहुंचे हैं।
ग्यारह वर्षीय यासमिन खान ने कहा, "हम प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नाती-पोते के जैसे हैं। क्या प्रधानमंत्री यह चाहेंगे कि हम जहरयुक्त पानी पियें या फिर 40 दिनों तक यहां विरोध करते रहें।"
उल्लेखनीय है कि यासमीन ने गत 16 अप्रैल को प्रधानमंत्री को इस संबंध में एक पत्र भेजा था। यह पत्र गैस पीड़ितों के खून से लिखा गया था। इसके बाद लगभग 18 देशों के 2800 से अधिक लोगों ने प्रधानमंत्री से मिलने की इच्छा जताते हुए उनके कार्यालय में पत्र फैक्स किया था।
ज्ञात हो कि गैस हादसे के पीड़ित परिवार के सदस्य पिछले 40 दिनों से जंतर मंतर पर धरने पर बैठे हैं। इनकी मांग है कि उनके स्वास्थ्य की उचित देखरेख हो और उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications