बच्चे को बचाने में नाकाम पुलिसवाले मुश्किल में
कोलकाता, 5 मई (आईएएनएस)। एक छह वर्षीय बच्चे को अपने सामने एक व्यक्ति द्वारा पीट- पीटकर मार डालने से न रोकने वाले चार पुलिसवालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के हरिहरपरा गांव में रविवार को छह वर्षीय शेख शमीम को उसके पड़ोसी रफीकुल शेख ने पीट-पीट कर मार डाला था।
पुलिस उपाधीक्षक उत्पल गांगुली का कहना है कि वह चारों पुलिसवालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई कराए जाने की सिफारिश करेंगे।
गांगुली ने बताया, "रफीकुल ने खुद को दो दिन से अपने घर में बंद कर रखा था। अचानक रविवार दोपहर को वह बाहर आया और हाथ में डंडा लेकर आस-पड़ोस के लोगों के पीछे दौड़ने लगा। उसने छह वर्षीय शमीम को पकड़ कर उसका सिर फोड़ दिया था।"
गांववालों के अनुसार रफीकुल मानसिक तौर पर विक्षिप्त था।
गांगुली के अनुसार वहां मौजूद चारों पुलिसवालों को रफीकुल को रोकना चाहिए था, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications