नक्सलियों के फरमान पर राजग के 63 नेताओं ने दिया इस्तीफा
पटना, 5 मई (आईएएनएस)। बिहार के इमामगंज विधानसभा क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के 63 नेताओं ने नक्सलियों की धमकी के बाद रविवार को सामूहिक रूप से पार्टी सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया। इन नेताओं ने पार्टी के जिला अध्यक्ष को इस्तीफा सौंपा है।
बिहार-झारखंड सीमा पर स्थित इस विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व बिहार विधानसभा के अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी कर रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-माओवादी (भाकपा-माओवादी) के नक्सलियों ने कुछ दिन पूर्व लगभग एक दर्जन राजग नेताओं को अगवा कर पार्टी छोड़ने की शर्त पर रिहा किया था।
रविवार शाम राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के 63 राजनीतिक नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने संजय गांधी इंटर कॉलेज, इमामगंज में एकत्रित होकर पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद से राजनीतिक हलकों में चर्चा का बाजार गर्म है। दूसरी तरफ आरक्षी महानिरीक्षक एस. के. भारद्वाज ने ऐसी किसी भी घटना से अनभिज्ञता जाहिर की है।
हालांकि इन नेताओं ने नक्सलियों के फरमान पर इस्तीफा देने की बात से इंकार किया है और इस्तीफे की वजह सरकारी अफसरों की कथित मनमानी और पुलिस शोषण को बताया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications