पेरू की जेल में बंद भारतीय मूल की महिला तस्कर की हालत गंभीर
कुआलालंपुर, 5 मई (आईएएनएस)। भारतीय मूल की एक मलेशियाई महिला तस्कर पुनीथा, पेरू की राजधानी लीमा की जेल में मौत का इंतजार कर रही है। उसे अपने साथ तीन किलो कोकीन रखने का दोषी पाया गया था।
पेरू के जेल अधिकारियों ने अम्पांग प्रांत में रहने वाले पुनीथा के मित्र कलई कुमार से संपर्क किया और उन्हें बताया कि वह पेट के कैंसर और टीबी से पीड़ित है।
कुमार के अनुसार पुनीथा ने कुछ समय तक उनके 'तंत्र योग हिंदू संगठन' में काम भी किया था। उन्होंने कहा कि वह समाज सेवा के कार्यो में रुचि लेती थी।
कुमार ने कहा कि कुछ समय बाद वह काम की तलाश में डबलिन चली गई। कुमार से उसकी आखिरी बातचीत अगस्त 2006 में हुई थी जब उसने उन्हें स्पेन से फोन किया। उसने कहा कि उसे एक नाइजीरियाई व्यक्ति से प्रेम हो गया है और वह उससे शादी करने वाली है।
स्पष्ट है कि 50 वर्षीय पुनीथा के.के. सामी भारत और मलेशिया जैसे देशों में पांव पसार चुके नशीले पदार्थो की तस्करी के उन संगठित गिरोहों की एक और शिकार है जो महिलाओं को मादक पदार्थो के वाहक के रूप में इस्तेमाल करते हैं।
पुनीथा के मामले से सरकार की उस विवादास्पद योजना को और बल मिलेगा जिसके तहत वह एक ऐसा कानून बनाने जा रही है जिसमें किसी भी महिला को अकेले विदेश यात्रा करने के लिए अपने परिवार के सदस्यों की अनुमति लेनी आवश्यक होगी।
गौरतलब है कि पिछले साल जिन 119 मलेशियाइयों को मादक पदार्थो की तस्करी के लिए पकड़ा गया था उनमें से 19 फीसदी महिलाएं थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications