उत्तर प्रदेश में साधु को जिंदा जलाने की कोशिश
इटावा, 5 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में आज एक साधु को कुछ लोगों ने उनके आश्रम में ही जलाने की कोशिश की। गंभीर रूप से जले साधु को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिले के इकदिल थाना क्षेत्र के थाना प्रभारी ने आईएएनएस को बताया कि 60 वर्षीय ज्ञानदीप नामक साधु चांदपुर गांव के बाहर एक आश्रम बनाकर पिछले एक वर्ष से रह रहा था लेकिन सोमवार को सोते समय कुछ लोगों ने उसके आश्रम में ही आग लगा दी, जिसमें वह बुरी तरह जल गया।
उन्होंने कहा कि जब तक गांव वाले साधु को आश्रम से बाहर निकाले तब तक वह 60 प्रतिशत जल चुका था। पुलिस ने साधु को इटावा के जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। थाना प्रभारी के अनुसार ज्ञानदीप आगरा का रहने वाला है और एक वर्ष पहले इस गांव में आया था।
उन्होंने बताया कि साधु ने अपने बयान में कहा कि गांव के धर्मेद्र और पुत्तन नामक दो दबंग व्यक्ति उसे पिछले कुछ दिनों से गांव छोड़ने की धमकी दे रहे थे। उन लोगों ने ही जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं और पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications