भोपाल के बच्चे पी रहे हैं जहरीला पानी : डोमिनिक लैपियर
नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। वर्ष 1984 में हुई भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों के प्रति एकजुटता दिखाते हुए फ्रांस के लेखक और कार्यकर्ता डोमिनिक लैपियर ने कहा है कि यहां के प्रभावित इलाकों में बच्चे जहरीला पानी पी रहे हैं।
राजधानी के जंतर-मंतर में रविवार शाम को भोपाल गैस त्रासदी के प्रभावितों के प्रदर्शन के दौरान लैपियर ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से गुजारिश की कि इनकी समस्याओं को सुनें।
सोमवार को जारी एक बयान में लैपियर ने कहा कि उन्होंने इस जहरीले पानी को एक बार पिया था पर इसके तुरंत बाद उनके चमड़े में खुजली होने लगी और गले में परेशानी आ गई।
'फाइव मिनट्स पास्ट मिडनाइट इन भोपाल' के सह लेखक लैपियर ने इस पुस्तक से मिलने वाली रायल्टी को एक चैरिटी क्लीनिक को देने की घोषणा की। यह क्लीनिक त्रासदी से बचने वाले परिवारों और उनके बच्चों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कर रहा है।
गौरतलब है कि 3 दिसंबर, 1984 को यूनियन कार्बाइड के भोपाल स्थित प्लांट में रासायनिक गैस के रिसाव के कारण करीब तीन हजार 800 लोगों की मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications