सर्वोच्च न्यायालय ने नटवर सिंह के खिलाफ जांच को रोका
नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। सर्वोच्च न्यायालय ने इराक में तेल के बदले अनाज घोटाले मामले में प्रवर्तन निदेशालय की जांच को स्थगित करने का निर्देश दिया है। निदेशालय इस मामले में पूर्व विदेश मंत्री के. नटवर सिंह की भूमिका की जांच कर रहा था।
न्यायाधीश बी. एन. अग्रवाल और न्यायाधीश जी. एस. सिंघवी ने सिंह और उनके बेटे जगत सिंह द्वारा दाखिल याचिका पर सोमवार को सुनवाई करते हुए इस मामले में जांच एजेंसी को जांच रोक देने का निर्देश दिया।
दिल्ली उच्च न्यायालय के गत पांच जुलाई के फैसले को चुनौती देने के लिए नटवर सिंह और उनके बेटे ने सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दाखिल की थी।
गौरतलब है कि इराक में तेल के बदले खाद्यान्न मामले में आरोप लगने के बाद नटवर सिंह ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद सरकार ने न्यायमूर्ति पाठक जांच आयोग का गठन किया था, जिसकी रिपोर्ट मिलने के बाद प्रवर्तन निदेशालय ने जांच शुरू कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications