दिल्ली में मिला पोलियो ग्रस्त दूसरा बच्चा
नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। पोलियो टीकाकरण अभियान के बावजूद नई दिल्ली में 10 महीने का एक पोलियो ग्रस्त बच्चा पाया गया है। दो महीने पहले ही राजधानी में पी1 पोलियो वायरस से संबंधित देश का पहला मामला प्रकाश में आया था।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार दक्षिणी दिल्ली के ओखला स्थित एक झुग्गी बस्ती का यह बच्चा पी 3 पोलियो वायरस से प्रभावित है।
मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "बच्चे की गहन जांच की गई है। यह दिल्ली में इस वर्ष पोलियो का दूसरा मामला है। इस बात का हमें बहुत अफसोस है।"
उन्होंने कहा कि ताजा मामला एक रिक्शा चलाने वाले के बेटे आजाद का है। इस बच्चे को पोलियो से सुरक्षा के चार खुराक दिए गए थे।
अधिकारियों का कहना है कि इस मामले के कारण एक बार फिर से दिल्ली पर ध्यान केंद्रित हुआ है। गौरतलब है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने हाल ही में कहा था, "दिल्ली जल्दी ही पोलियो मुक्त हो जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications