बिहार में घर में आग लगने से पांच की मौत
पटना, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के समस्तीपुर जिले में गुरुवार की देर रात भारी तूफान के बीच घर में जलते लैंप से आग लगने के कारण एक परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई।
यह दिल दहलाने वाली घटना जिले के दिनमानपुर गांव में घटी।
पुलिस के मुताबिक देर रात तूफान आने के वक्त इस गांव में हीरालाल राय की पत्नी मंजुला देवी (40) और उनके चार बच्चे संगीता (10 वर्षीय), सरिता (8 वर्षीय), शिवकुमार (5 वर्षीय) और राजकुमार (2 वर्षीय) घर में गहरी नींद में सो रहे थे।
पुलिस का कहना है कि तूफान की वजह से उनके घर में रखा लैंप गिर गया जिस कारण पूरे घर में आग फैल गई। इस हादसे में घर में सो रहे पांचों सदस्यों की मौत हो गई।
जिला प्रशासन की ओर से राय को अनुग्रह राशि के रूप में एक लाख रुपये और एक मकान देने की घोषणा की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
