कपास का रकबा स्थिर रह सकता है : आईसीएसी
नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। वैश्विक स्तर पर कपास का रकबा वर्ष 2008-09 के दौरान लगभग स्थिर रहने की संभावना है।
इंटरनेशनल काटन एडवायजरी कमेटी (आईसीएसी) की ताजा मासिक रिपोर्ट के अनुसार वैश्विक स्तर पर कपास के रकबे के 3.38 करोड़ हैक्टेयर रहने का अनुमान है।
वैकल्पिक फसलों की कीमतों में वृद्धि की वजह से अमेरिका में कपास का रकबा 15 फीसदी गिरकर 93.8 लाख एकड़ रहने की आशंका है लेकिन इस घाटे की भरपाई चीन, भारत, अफ्रीका और आस्ट्रेलिया में रकबा बढ़ने से हो जाएगी। पाकिस्तान, तुर्की और उज्बेकिस्तान में इस वर्ष कपास के रकबे के स्थिर रहने के आसार हैं।
आईसीएसी ने वर्ष 2008-09 के दौरान कपास उत्पादन के तीन फीसदी बढ़कर 2.69 करोड़ टन रहने की बात कही है। जबकि मिल खपत में एक फीसदी वृद्धि की संभावना जतायी गई है। जबकि अंतिम स्टाक के 1.16 करोड़ टन से गिरकर 1.09 करोड़ टन रहने की बात कही गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
