मुनाफा वसूली पर लगाम लगाएगी सरकार : कमलनाथ
सिंगापुर, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय उद्योग एवं व्यापार मंत्री कमलनाथ ने कहा है कि जरूरी कमोडिटी के कारोबार में जरूरत से ज्यादा मुनाफा वसूली पर लगाम लगाया जाएगा। इन गतिविधियों से महंगाई बढ़ती है।
कमलनाथ ने आज यहां पत्रकारों से कहा, "हम खाद्य पदार्थ, सीमेंट और इस्पात जैसी जरूरी वस्तुओं पर जरूरत से ज्यादा मुनाफा वसूली के खिलाफ हैं। इसे रोकने के लिए हम कानूनी प्रावधान अपनाने से भी नहीं हिचकिचाएंगे।"
उन्होंने कहा कि सरकार कड़े कदम उठाने से परहेज नहीं करेगी।
गौरतलब है कि उद्योग एवं व्यापार मंत्री का यह बयान उस समय आया है जब देश में महंगाई की दर पिछले तीन वर्षो में रिकार्ड सात प्रतिशत के स्तर तक चला गया है। सब्जी जैसी जरूरी वस्तुओं के दाम में बेतहाशा वृद्धि के कारण महंगाई तेजी से बढ़ी है।
कमलनाथ ने कहा, "हम अपूर्ति की चुनौती के दौर से गुजर रहे हैं। हमारे देश की एक करोड़ 50 लाख जनता एक दिन में एक या दो बार भोजन करती है।"
उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थो की कीमतों पर नियंत्रण रखने के लिए भारत दूसरे देशों से भी हाथ मिलाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
