कोलकाता बस हादसे में 18 की मौत
कोलकाता, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर-पूर्वी कोलकाता में आज एक बस के नहर में जा गिरने से कम से कम 18 व्यक्तियों की मौत हो गई। बस में करीब 50 यात्री थे।
उत्तरी 24 परगना के राजरहाट नगर निगम के अध्यक्ष तापस चटर्जी ने आईएएनएस को जानकारी दी कि बस ड्राइवर द्वारा एक अन्य बस को ओवरटेक करने की कोशिश में ब्रेक फेल होने पर यह दुर्घटना हुई।
उन्होंने बताया कि अब तक 18 शव बरामद किया जा चुका है और अनेक लोगों को गंभीर हालत में निकटवर्ती चारनोक, स्वास्तिक, उमा और एपेक्स अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
चटर्जी के अनुसार यात्रियों की पहचान अभी की जा रही है। हालांकि उम्मीद है कि अनेक यात्री निकटवर्ती राजरहाट और पगलादंगा क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
एपेक्स नर्सिग होम के मुख्य प्रबंधक शैबल सेन ने आईएएनएस को बताया कि वहां भर्ती ग्यारह व्यक्तियों में से तीन बच्चे और एक महिला गंभीर हालत में है। उन्होंने बताया कि सात व्यक्तियों की मृत्यु सिर पर चोट लगने और फेफड़ों में पानी घुसने से हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
