महंगाई बढ़ने पर उद्योग जगत में में निराशा (लीड)
नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। देश में महंगाई दर में अप्रत्याशित बढ़ोतरी पर औद्योगिक हलकों में निराशा का इजहार किया गया है।
एसोएिसटेड चैंबर्स आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री (एसोचैम) के अध्यक्ष वेणुगोपाल धूत ने कहा कि ब्याज दर में कटौती करने के लिए केंद्रीय बैंक को अभी और कदम उठाने की आवश्यकता है ताकि बाजार में पूंजी का प्रवाह बना रहे।
इससे पहले केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कमलनाथ ने आज सिंगापुर में कहा कि देश में जरूरी कमोडिटी की जमाखोरी पर लगाम लगाया जाएगा। उनके अनुसार इन गतिविधियों से महंगाई बढ़ती है।
कमलनाथ ने यहां पत्रकारों से कहा, "हम खाद्य पदार्थ, सीमेंट और इस्पात जैसी जरूरी वस्तुओं पर जरूरत से ज्यादा मुनाफा वसूली के खिलाफ हैं। इसे रोकने के लिए हम कानूनी प्रावधान अपनाने से भी नहीं हिचकिचाएंगे।"
गौरतलब है कि वाणिज्य मंत्री का यह बयान उस समय आया है जब देश में महंगाई की दर पिछले तीन वर्षो के उच्चतम स्तर यानी सात प्रतिशत तक पहुंच गई है। सब्जी जैसी जरूरी वस्तुओं के दाम में बेतहाशा वृद्धि के कारण महंगाई तेजी से बढ़ी है।
कमलनाथ ने कहा, "हम आपूर्ति संकट के दौर से गुजर रहे हैं। हमारे देश की एक करोड़ 50 लाख जनता एक दिन में एक या दो बार भोजन करती है।"
उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थो की कीमतों पर नियंत्रण रखने के लिए भारत दूसरे देशों से भी हाथ मिलाएगा।
उधर, आर्थिक विश्लेषकों का अनुमान है कि भारतीय रिजर्व बैंक मुद्रास्फीति को काबू में करने के लिए ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर सकता है।
केंद्रीय उद्योग व वाणिज्य मंत्रालय से आज जारी आंकड़ों के अनुसार आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि के कारण 22 मार्च को समाप्त हुए सप्ताह में मुद्रास्फीति की दर बढ़कर सात फीसदी हो गई। यह दर पिछले तीन वर्षो में सर्वाधिक है। थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित यह दर इससे पहले के सप्ताह में 6.68 फीसदी थी।
पिछले माह की 15 तारीख को समाप्त हुए सप्ताह की तुलना में 22 तारीख को समाप्त हुए सप्ताह के बीच खनिज पदार्थो की कीमतों में 38 फीसदी और सब्जियों की कीमतों में 4.9 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। इस दौरान दाल की कीमतों में 1.4 फीसदी और खाद्य तेलों की कीमतों में 1.6 फीसदी की तेजी आई।
महंगाई को काबू में करने के लिए सरकार द्वारा सोमवार को विभिन्न वस्तुओं पर आयात शुल्क कम किए जाने का असर अभी नहीं इन आकड़ों पर नहीं पड़ा है। सरकार ने आज कहा है कि बढ़ती कीमतों में कमी लाना उसकी पहली प्राथमिकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
