सोनिया तमिलनाडु के दौरे पर करूणा से भी मिलेंगी
नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। होंगेक्काल समन्वित पेयजल परियोजना को लेकर तमिलनाडु और कर्नाटक में जारी हिंसक घटनाओं के बीच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी शनिवार को तमिलनाडु का दौरा करेंगी। वहां उनकी मुलाकात मुख्यमंत्री एम. करूणानिधि से संभावित है।
कांग्रेस सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है कि शनिवार को सोनिया वित्त मंत्री पी. चिदम्बरम के संसदीय क्षेत्र शिवगंगा का दौरा करेंगी। वहां वह अलगप्पा विश्वविद्यालय में तीन करोड़ की लागत से बने सभागार का उद्घाटन करेंगी। इसके बाद वह किसानों की एक रैली को भी संबोधित करेंगी।
सूत्रों के मुताबिक शिवगंगा के बाद सोनिया गांधी सीधे चेन्नई पहुंचेंगी जहां उनकी मुलाकात तमिलनाडु के मुख्यमंत्री से होगी।
कांग्रेस के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि दोनों प्रमुख नेता इस मुलाकात के दौरान होंगेक्काल समन्वित पेयजल परियोजना को लेकर चल रहे मौजूदा विवाद पर बातचीत करेंगे। उल्लेखनीय है कि उक्त परियोजना को लेकर कर्नाटक और तमिलनाडु में हिंसा का दौर आरंभ हो गया है।
उल्लेखनीय है कि परियोजना के शांतिपूर्ण निपटारे के लिए करूणानिधि ने पिछले दिनों प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखा था। इस पत्र में करूणानिधि में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस. एम. कृष्णा की उस टिप्पणी पर अफसोस जताया था जिसमें उन्होंने कहा था कि करूणानिधि की कठोर टिप्पणी से ही कर्नाटक में हिंसक प्रतिक्रिया हुई। करूणानिधि ने परियोजना के संदर्भ में कथित तौर पर भड़काऊ भाषण दिया था। हालांकि उन्होंने बाद में इससे पल्ला झाड़ लिया था।
इसके अलावा सोनिया और करूणानिधि की मुलाकात को आगामी लोकसभा चुनावों में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की एकता को मजबूत करने के रूप में भी देखा जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
